Himachal: मां को धक्का देकर बाहर निकाला और लगा दी कमरे की कुंडी, फिर कर्जदार ने बैंक कर्मियों के साथ किया कुछ ऐसा कि....
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 01:09 PM (IST)
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां लोन की रिकवरी के लिए गए बैंक के ब्रांच मैनेजर और उनके सहकर्मी के साथ एक युवक ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें कमरे में बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिहार के मधेपुरा जिले के रहने वाले प्रशांत कुमार वर्तमान में हमीरपुर स्थित बैंक की परोल शाखा में बतौर ब्रांच मैनेजर कार्यरत हैं। प्रशांत अपने एक सहकर्मी राजेंद्र पाल के साथ डवरेहडा गांव निवासी राहुल शर्मा पुत्र राकेश कुमार के घर कर्ज की उगाही के सिलसिले में गए थे। जब दोनों बैंक कर्मचारी राहुल के घर पहुंचे तो शुरुआत में सब कुछ बिल्कुल सामान्य था। राहुल की मां ने दोनों कर्मचारियों को कमरे में अंदर बैठने के लिए कहा। इसी बीच राहुल शर्मा अचानक वहां पहुंचा। उसने आते ही सबसे पहले अपनी मां को धक्का देकर कमरे से बाहर निकाल दिया और कमरे की कुंडी अंदर से बंद कर ली।
कमरे में दोनों बैंक कर्मचारियों को फंसाकर राहुल ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने कर्मचारियों के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की और भद्दी-भद्दी गालियां दीं। इस अचानक हुए हमले से दोनों कर्मचारी बुरी तरह घबरा गए और खुद को बचाने का प्रयास करने लगे। काफी जद्दोजहद और मारपीट के बाद दोनों कर्मचारियों ने हिम्मत जुटाई। वे किसी तरह आरोपी से बचकर कमरे की कुंडी खोलने में कामयाब हो गए और बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
घटना के तुरंत बाद डरे-सहमे बैंक कर्मचारियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और पीड़ितों की शिकायत पर आरोपी राहुल शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं ब्रांच मैनेजर के अनुसार राहुल कुमार के लोन की जो राशि बची थी उसके लिए उसे पहले नोटिस भी भेजा गया था। उसने कहा था कि वह 25 मार्च को पैसे जमा करा देगा। जब उसने पैसे जमा नहीं करवाए तो वे फोन करके उसके घर गए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

