Hamirpur: कांग्रेस राज में हिमाचल में आर्थिक आपातकाल, 1,10,010 करोड़ के कर्ज में प्रदेश : अनुराग

punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 07:53 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की बिगड़ती वित्तीय स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल की अर्थव्यवस्था को कर्ज, उधारी व वित्तीय कुप्रबंधन के ऐसे दलदल में धकेल दिया है, जिसका बोझ आने वाली पीढ़ियों को उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री के जवाब से सामने आए आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश की कुल बकाया देनदारियां वर्ष 2018 में 51,030 करोड़ रुपए थीं, जो वर्ष 2026 के बजट अनुमान में बढ़कर 1,10,010 करोड़ रुपए हो गई हैं। उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर स्थिति यह है कि हिमाचल प्रदेश वर्ष 2025 में वर्ष 2017-18 के बाद पहली बार ओवरड्राफ्ट में चला गया। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2018 से 2024 तक प्रदेश ने वेज एंड मीन्स एडवांसेज और ओवरड्राफ्ट के मामले में शून्य शेष बनाए रखा था, लेकिन वर्ष 2025 में स्थिति इतनी बिगड़ी कि प्रदेश को 777 करोड़ रुपए के वेज एंड मीन्स एडवांसेज पर निर्भर होना पड़ा और 875 करोड़ रुपए का ओवरड्राफ्ट लेना पड़ा।

उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश ने वर्षों तक ओवरड्राफ्ट से दूरी बनाए रखी, उसे सुक्खू सरकार ने पहली बार इस स्थिति तक पहुंचा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का डेब्ट-टू-जी एसडीपी रेश्यो वर्ष 2026 के बजट अनुमान में बढ़कर 42.8 प्रतिशत हो गया है, जबकि सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों का राष्ट्रीय औसत 29.2 प्रतिशत है। इसके बाद भी उधारी का सिलसिला नहीं रुका और वर्ष 2024-25 में 7,359 करोड़, वर्ष 2025-26 में 9,864 करोड़ रुपए व 31 जुलाई, 2026 तक ही 2,800 करोड़ रुपए का और कर्ज लिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आंकड़े चीख-चीखकर बता रहे हैं कि सुक्खू सरकार का आर्थिक मॉडल प्रदेश की आमदनी बढ़ाने के बजाय कर्ज बढ़ाने पर टिका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों का खमियाजा हिमाचल की जनता भुगत रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News