ऊना की गोबिंद सागर झील में डूबे 24 साल के युवक का शव बरामद, परिवार में मचा कोहराम
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 04:32 PM (IST)
Una News : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंतर्गत मंदली घाट स्थित गोबिंद सागर झील में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां पंजाब के तरनतारन (कका गढ़ियाला) निवासी आकाशदीप (24) का शव शनिवार को झील से बाहर निकाल लिया गया है। युवक शुक्रवार शाम को झील के किनारे संतुलन बिगड़ने के कारण गहरे पानी में डूब गया था।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आकाशदीप अपने साथियों के साथ बाबा बालकनाथ मंदिर (दियोटसिद्ध) में माथा टेकने के लिए जा रहा था। यह दल बीहड़ू के रास्ते होते हुए मंदली घाट पहुंचा था। यहां सभी श्रद्धालु झील पार करने के लिए मोटरबोट का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आकाशदीप का पैर फिसल गया और वह झील के गहरे पानी में जा गिरा। उसके साथियों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया और शोर भी मचाया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वह आंखों से ओझल हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बंगाणा थाना प्रभारी रोहित चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुक्रवार शाम को ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण उसे रोकना पड़ा। शनिवार सुबह BBMB नंगल से विशेष गोताखोरों की टीम बुलाई गई। गोताखोरों ने उसी स्थान पर डाइव लगाई जहां युवक डूबा था और काफी मशक्कत के बाद शव को झील की गहराई से ढूंढ निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि कानूनी औपचारिकताओं और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों और मृतक के गांव में शोक की लहर है।

