Una News: रोड के किनारे मिला पैट्रोल पंप में काम करने वाले व्यक्ति का शव बरामद
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 10:59 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): अम्ब उपमंडल के तहत पक्का परोह के निकट लिंक रोड पर 42 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विनय कुमार पुत्र चिरंजी लाल निवासी गांव अकरोट के रूप में हुई है। विनय कुमार अम्ब स्थित एक पैट्रोल पंप पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार वीरवार को वह ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने घर के लिए निकला था लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचा।
परिजनों द्वारा तलाश के दौरान विनय कुमार सुबह लिंक रोड के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में निरीक्षण किया। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने के बाद उसे सिविल अस्पताल अम्ब ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शव को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजा गया।
बताया जा रहा कि विनय कुमार अविवाहित था और करीब 2 वर्षों से पैट्रोल पम्प पर कार्यरत था। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को वारिसों के सुपुर्द कर दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

