हादसा, आत्महत्या या कोई साजिश! नहर में तैरता मिला 48 वर्षीय व्यक्ति का शव, इलाके में मचा हड़कंप
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 11:27 AM (IST)
Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में उस समय सनसनी फैल गई, जब नहर में एक 48 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
नहर में तैरता मिला शव
जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के नाचन विधानसभा क्षेत्र के दियारगी के पास बहने वाली नहर का है। मृतक की पहचान रजनीश कटोच (48 वर्ष), पुत्र जगदीश चंद्र के रूप में हुई है। वह मंडी सदर तहसील के अंतर्गत आने वाले गांव पंजेठी (डाकघर तल्याहड़) के निवासी था। बताया जा रहा है कि दियारगी के पास बहने वाली नहर के पानी में ग्रामीणों ने एक अज्ञात शव को तैरते हुए देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकाला। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया है और मामला दर्ज कर आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतक की अंतिम गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

