जिप नतीजों से निगम चुनावों को अलर्ट जोन में पहुंची भाजपा
punjabkesari.in Monday, Jan 25, 2021 - 11:27 AM (IST)

धर्मशाला (तनुज सैणी) : पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के बाद अब सत्तारूढ़ पार्टी के लिए नगर निगम चुनावों की चुनौती सामने खड़ी हो गई है। प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला नगर निगम के गढ़ को फतेह करने को बिसातें बिछाना दोनों ही पार्टियों ने शुरू कर दिया है। इसमें भाजपा ने धर्मशाला नगर निगम किले को जीतने के लिए नूरपुर को फतेह करने वाले वन मंत्री राकेश पठानिया को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, नई बनी नगर निगम पालमपुर पर विजयी हासिल करने के लिए परिवहन मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर को कमान सौंपी है। वहीं, कांग्रेस ने इस बाबत अभी तक अपने पत्ते तो नहीं खोले हैं, लेकिन अंदरखाते जिला की दोनों ही नगर निगमों में अपने सही मोहरे फिट करने को गुप्त सूत्रों को मैदान में उतार दिया है। हालांकि धर्मशाला नगर निगम के साथ लगते जिला परिषद वार्डां में कांग्रेस की सेंधमारी ने भाजपा को अलर्ट जोन में ला दिया है।
धर्मशाला के साथ लगते चड़ी व झिकली इच्छी वार्ड में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों व बाघणी वार्ड में आजाद उम्मीदवार की जीत भी भाजपा के लिए शुभ संकेत नहीं दर्शा रहे हैं। ऐसे में अब नगर निगम चुनावों में भाजपा को उक्त जिप क्षेत्रों के साथ लगते निगम के वार्डां में कड़ी मेहनत करनी होगी। गौरतलब है कि धर्मशाला व पालमपुर नगर निगम चुनाव मार्च-अप्रैल में होने हैं। भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना भी हाल ही में दोनों ही नगर निगमों में चुनावों को लेकर मंत्रणा कर चुके हैं। इसमें भाजपा प्रदेश प्रभारी ने धर्मशाला निगम के विभिन्न वार्डां से भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करने के अलावा उन्हें सम्मानित करते हुए निगम चुनावों को जीतने को लेकर पूरे जोश के साथ कार्य करने का आह्वान भी किया है। 17 वार्डां वाली नगर निगम धर्मशाला में पिछली बार 3 ही पार्षद भाजपा समर्थित चुनाव जीते थे। ऐसे में इस बार सत्तासीन पार्टी 17 के 17 वार्डां को जीतने का दम भर रही है। जिसके लिए प्रदेश भाजपा प्रभारी, मुख्यमंत्री सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रदेश भर में अहमियत रखने वाली धर्मशाला नगर निगम को लेकर स्थानीय पदाधिकारियों के साथ चर्चा करने के साथ आगामी रूपरेखा तैयार कर रहे हैं।