भाजपा नहीं RSS चला रही सरकार : कांग्रेस
punjabkesari.in Saturday, Mar 03, 2018 - 11:20 PM (IST)
मंडी: कांग्रेस पार्टी मंडी में अधिवेशन के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जयराम सरकार बाहरी लोगों को प्रदेश में काबिज करने के लिए धारा-118 में संशोधन करने की तैयारी कर रही है जबकि कांग्रेस इसका विरोध करती है। डा. वाई.एस. परमार ने पहाड़ी संस्कृति और किसान की भूमि को सुरक्षित रखने के लिए धारा-118 का प्रावधान किया था। प्रदेश को भाजपा की जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार नहीं बल्कि आर.एस.एस. चला रही है। आर.एस.एस. के लोग महत्वपूर्ण पदों पर काबिज होकर ब्यूरोक्रेसी को धमका रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हुई हार से उभर रही प्रदेश कांग्रेस पार्टी आने वाले समय में सक्रिय विपक्ष की भूमिका निभाएगी। मंडी कांग्रेस का गढ़ रहा है मगर दुर्भाग्य से यहां 10 की 10 सीटों पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। ऐसी क्या कमियां रहीं, इन कारणों को जानने के लिए भी मंडी में पार्टी का अधिवेशन आयोजित किया गया।