भाजपा के पास धनशक्ति, कांग्रेस जनशक्ति से जीतेगी चुनाव : जीएस बाली

punjabkesari.in Thursday, Feb 18, 2021 - 09:09 PM (IST)

मंडी (रजनीश): नगर निगम चुनाव में मुकाबला धनशक्ति और जनशक्ति के बीच हो गया है। भाजपा सरकार के पास धनशक्ति है और कांग्रेस के पास जनशक्ति है जिससे कांग्रेस नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज करेगी। यह बात वीरवार को मंडी में पै्रस वार्ता को संबोधित करते हुए नगर निगम मंडी के चुनाव प्रभारी पूर्व मंत्री जी.एस. बाली ने कही। उन्होंने कहा कि नगर निगम मंडी के चुनाव में चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए पंचायती राज चुनावों में यह साबित हो गया है कि भाजपा द्वारा सरकारी तंत्र का ज्यादा इस्तेमाल किया जा रहा है। पंचायत चुनावों की तरह नगर निगम चुनाव में भी सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किया तो इसका विरोध किया जाएगा।

राजनीतिक पार्टियों को नहीं करना चाहिए अहंकार

उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियों को अहंकार नहीं करना चाहिए। पिछले चुनावों में कांग्रेस पार्टी को भी अहंकार ले डूबा था और अब भाजपा भी जिस तरह से अहंकार में डूबी है उसका पतन भी सामने है। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में पार्टी की विचारधारा के लोगों को टिकट दिया जाए। झूठा प्रचार भाजपा वाले कर रहे हैं उसका मुकाबला कांग्रेस मजबूती के साथ करेगी। उन्होंने कहा कि आज रसोई गैस, पैट्रोल-डीजल और खाद्य सामग्री की कीमतें केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण आसमान छू रही हैं और रोजमर्रा की वस्तुओं पर टैक्स पर टैक्स लगाए जा रहे हैं। पिछले दिनों केंद्र सरकार ने फ्री एलपीजी कनैक्शन वितरित करने का अभियान शुरू कर दिया और शुरू में एलपीजी का एक सिलैंडर गरीब और मनरेगा मजदूरों को दे दिया जोकि फ्री था लेकिन दूसरी बार उसको भरवाने की बारी आई तो उसके 3 गुना ज्यादा दाम वसूल किए गए।

भाजपा गरीब का इस्तेमाल करने में लगी

उन्होंने कहा कि सत्ता हथियाने के लिए भाजपा गरीब का इस्तेमाल करने में लगी हुई है। प्रदेश में बेरोजगारों का आंकड़ा 14.50 लाख से ऊपर पहुंच गया है, वहीं कोरोना वायरस ने कइयों का रोजगार छीना है जिन्हें रोजगार देने में भाजपा विफल रही। एचआरटीसी के बस रूट बंद करके निजी बस आप्रेटरों को दिए जा रहे हैं, वहीं स्कूल तो खोल दिए लेकिन बच्चों को स्कूल पहुंचाने वाली बसें बंद कर दीं। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, प्रदेश महासचिव चेत राम ठाकुर, विधायक सुंदर सिंह, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा व चम्पा ठाकुर उपस्थित रहे।

कोविड-19 पाबंदियां हटते ही निकाली जाएगी बेरोजगार यात्रा

उन्होंने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए लगी पाबंदियां पूरी तरह से हटने के बाद बेरोजगार यात्रा निकाली जाएगी। कांग्रेस सरकार ने 150 करोड़ रुपए बेरोजगार भत्ता देने के लिए रखा था लेकिन भाजपा ने अपनी सरकार बनते ही इसे खत्म कर दिया। सुखराम परिवार के आधे सदस्य कांग्रेस पार्टी में आने और भाजपा विधायक अनिल शर्मा के कांग्रेस में आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर सही समय पर फैसला लिया जाएगा।

नगर निगम चुनाव में घोषणा पत्र लाएगी कांग्रेस

नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी अपना घोषणा पत्र लाएगी जिसमें उन सभी विकास कार्यों को दर्शाया जाएगा जो जीत के बाद सभी वार्डों में करवाए जाएंगे। घोषणा पत्र बनाने के लिए 25 फरवरी के बाद एक विशेष कमेटी बनाई जाएगी जो इस घोषणा पत्र को तैयार करने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम मंडी के 15 वार्डों के लिए चुनाव लडऩे वाले इच्छुक कार्यकत्र्ता 23 फरवरी तक अपने आवेदन जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पास जमा करवा सकते हैं।

लोगों को गुमराह कर रहे भाजपा नेता : कौल सिंह

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि मंडी शहर के लोगों को भाजपा के लोग गुमराह करने में लगे हुए हैं। नगर निगम के दायरे में आने वाले लोगों से कांग्रेस जीत के बाद 5 साल तक कोई भी टैक्स नहीं लेगी और जिन पंचायतों के क्षेत्रों को लोगों की मंजूरी के बिना शहरी क्षेत्रों में शामिल किया गया हैं उन क्षेत्रों को प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए परंपरा को निभाने के लिए होना चाहिए न कि कोरोना वायरस को मेले के माध्यम से फैलाने के लिए बढ़ावा देना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News