भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में रखी उपचुनाव में मिली हार के कारणों की रिपोर्ट, अब एक्शन की तैयारी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 24, 2021 - 10:00 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में होटल पीटरहॉफ में कोर ग्रुप बैठक हुई। बैठक में उपचुनाव में भाजपा को मिली हार के कारणों की विस्तृत रिपोर्ट रखी गई। पार्टी सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में बूथ स्तर से लेकर हार के कारणों की समीक्षा की गई है, जिसके आधार पर आगामी दिनों में सत्ता और संगठन में फेरबदल की संभावना बढ़ गई है। यानी सत्ता में मंत्री से लेकर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष तथा पार्टी में पदाधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। इस रिपोर्ट को संबंधित उपचुनाव देख रहे प्रभारी व प्रदेश महामंत्री की तरफ से रखा गया, जिसमें हार के कारणों का विस्तृत उल्लेख किया गया है। सूत्रों के अनुसार महंगाई, पार्टी के भीतर गुटबाजी व भितरघात, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सहित अन्य दिवंगत नेताओं के प्रति सहानुभूति तथा अति आत्मविश्वास को हार का कारण बताया गया है। इसी तरह सत्ता एवं संगठन के स्तर पर तालमेल की कमी का उल्लेख भी किया गया है। मसलन टिकट न मिलने के बाद पार्टी से नाराज नेताओं का चुनाव प्रचार से किनारा करना प्रमुख है।

प्रभारी-प्रत्याशियों ने अलग से सौंपी रिपोर्ट, किस रिपोर्ट में क्या

उपचुनाव में हार के कारणों को लेकर प्रभारी बनाए गए मंत्री व नेताओं के अलावा प्रत्याशियों ने अलग से रिपोर्ट सौंपी है। इसमें प्रत्याशियों एवं प्रभारियों ने अपने-अपने तरीके से हार के कारणों का उल्लेख किया है। मंडी संसदीय क्षेत्र से प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह के अलावा सह-प्रभारी गोविंद सिंह ठाकुर व पार्टी महासचिव राकेश जम्वाल ने अलग से रिपोर्ट सौंपी है। इसी तरह पार्टी प्रत्याशी बिग्रेडियर खुशाल सिंह ठाकुर की तरफ से भी रिपोर्ट दी गई है। मंडी संसदीय क्षेत्र की रिपोर्ट में पंडित सुखराम के परिवार का उल्लेख भी है, जिसमें अनिल शर्मा के पार्टी के साथ नहीं चलने की बात कही है। जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र से प्रभारी मंत्री सुरेश भारद्वाज के अलावा ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, नए मंडल अध्यक्ष उमेश शर्मा व प्रत्याशी नीलम सरैइक की तरफ से अलग-अलग रिपोर्टें आई है। सूत्रों के अनुसार नीलम सरैइक ने अपनी रिपोर्ट में कुछ ऐसे नेताओं को भी हार के लिए जिम्मेदार ठहराया है, जिनको भाजपा के नए मंडल में स्थान दिया गया है। फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रभारी मंत्री बिक्रम सिंह के अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने अलग रिपोर्ट सौंपी है। इसके अलावा मंडल अध्यक्ष व वन मंत्री राकेश पठानिया की अलग से रिपोर्ट आई है। फतेहपुर की रिपोर्ट में संगठन के 1 पदाधिकारी पर निशाना साधा गया है। अर्की विधानसभा से 3 रिपोर्ट्स सामने आई हैं, जिसमें प्रभारी डाॅ. राजीव बिंदल, सह-प्रभारी डाॅ. राजीव सहजल व प्रत्याशी रत्नपाल अपने-अपने तरीके से हार के कारण गिनवाएं हैं।

जयराम-कश्यप ने भी ली हार की जिम्मेदारी

सूत्रों के अनुसार कोर ग्रुप बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी हार की जिम्मेदारी ली है। मुख्यमंत्री का कहना था कि प्रदेश के मुखिया होने के नाते उनकी भी जवाबदेही है। इसी तरह प्रदेश अध्यक्ष ने भी हार का दायित्व लिया।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में कोर ग्रुप बैठक हुई। प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह-प्रभारी संजय टंडन, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, त्रिलोक कपूर एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल बैठक में उपस्थित थे।

बैठक में देखी गई तल्खी

सूत्रों के अनुसार कोर ग्रुप बैठक में तल्खी भी देखी गई। इसमें सत्ता व संगठन में कुछ स्तर पर तालमेल न होने की बात कही गई है तथा भविष्य में बेहतर तालमेल के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी गई है।

विस्तारित कोर ग्रुप के बाद होगी कार्यसमिति की बैठक

कोर ग्रुप बैठक के बाद वीरवार को भाजपा विस्तारित कोर ग्रुप बैठक होगी। इसके बाद 26 नवम्बर को प्रदेश कार्यसमिति बैठक हुई। प्रदेश कार्यसमिति बैठक के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक होगी।

कृपाल परमार के बाद पवन गुप्ता का इस्तीफे पर भी चर्चा

सूत्रों के अनुसार भाजपा कोर ग्रुप बैठक में भाजपा नेताओं की तरफ से इस्तीफे पर भी अनौपचारिक चर्चा हुई है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष कृपाल परमार के बाद सिरमौर जिला प्रभारी व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को सौंपे जाने की बात सार्वजनिक की है। यानि जिस तरह से कृपाल परमार ने अपने पद से इस्तीफा देने की बात कही है, ठीक उसी तरह पवन गुप्ता से अपना त्यागपत्र दिया है। हालांकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने उनका इस्तीफा मिलने की बात से इंकार किया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News