फतेहपुर में भाजपा-कांग्रेस ने टटोली कार्यकर्ताओं की नब्ज

punjabkesari.in Friday, Jun 25, 2021 - 12:12 AM (IST)

फतेहपुर/धर्मशाला (ब्यूरो): फतेहपुर में उपचुनाव को लेकर भाजपा व कांग्रेस दोनों पार्टियां आगामी चुनावों के लिए रणनीति बनाने में जुट गई हैं। एक तरफ जहां बुधवार से फतेहपुर चुनाव का जिम्मा संभाले वित्त आयोग के चेयरमैन व फतेहपुर चुनाव को-ऑर्डीनेटर सतपाल सत्ती, संगठन मंत्री पवन राणा व भाजपा के महामंत्री त्रिलोक कपूर फतेहपुर विश्रामगृह में डेरा डाले हुए हैं तथा फतेहपुर में कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के फतेहपुर जिला चुनाव प्रभारी राजेंद्र राणा ने कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। कांग्रेस व भाजपा के पदाधिकारियों ने अपने-अपने कार्यकर्ताओं सहित समर्थित जिला परिषद सदस्यों, प्रधानों व बीडीसी सदस्यों से मिलकर उपचुनाव में उम्मीदवार पर सुझाव मांगे।

सत्ती के सामने लगा दिए कृपाल परमार के नारे

भाजपा की टीम में प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाल परमार, ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष ओपी चौधरी, संगठनात्मक जिला नूरपुर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश शर्मा व भाजपा के पूर्व प्रत्याशी बलदेव ठाकुर मौजूद रहे। फतेहपुर में कुछ लोगों का समूह जगदेव ठाकुर की अध्यक्षता में सतपाल सत्ती से मिला व टिकट की मांग की तो दूसरी ओर संजीव चम्बियाल अपने समर्थकों के साथ धमेटा में सतपाल सत्ती से मिले। विश्रामगृह में बलदेव ठाकुर भी सत्ती से मिले। इसी बीच विश्रामगृह के प्रांगण में कृपाल परमार समर्थित कार्यकर्ताओं ने कृपाल परमार के पक्ष में नारे लगाए व उन्हें टिकट देने की मांग की।

कांग्रेस की बैठक से कई टिकटार्थियों ने बनाई दूरी

कांग्रेस की बैठक से कई टिकटार्थियों ने दूरी बनाए रखी। जानकारों की मानें तो समय रहते ऐसे टिकट चाहवानों को मनाने में जो भी पार्टी कामयाब रहेगी वह सीट को अपनी झोली में डाल सकेगी। कांग्रेस के फतेहपुर चुनाव प्रभारी चौधरी मदन लाल, पूर्व सांसद चंद्र कुमार, पूर्व विधायक अजय महाजन, भवानी पठानिया, ब्लॉक अध्यक्ष जीत शर्मा, युकां ब्लॉक अध्यक्ष जगजीत सिंह जग्गू, जिप सदस्य नैंनसी दधोच सहित कई पंचायतों के प्रतिनिधि व अन्य कार्यकर्ता भी यहां मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News