रियाली पंचायत में भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को किसानों का झेलना पड़ा विरोध

punjabkesari.in Monday, Oct 11, 2021 - 11:32 AM (IST)

बडूखर (सुनीत) : फतेपहुर उप-चुनाव में अपने प्रचार में उतरे भाजपा प्रत्याशी को पहले ही दिन रियाली में किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में जनता के बीच वोट मांगने के लिए जा रहे प्रत्याशी बलदेव ठाकुर के काफिले को किसानों ने रोक दिया। इस दौरान क्षेत्र के किसान धान खरीद मंडी को शुरू न करवा पाने के चलते नाराज थे तथा उनको मंडी शुरू करवाने के बाद ही क्षेत्र में प्रचार के लिए आने की बात कही। इस दौरान उपस्थित पूर्व प्रधान रमेश चंद, पूर्व सैनिक विजय कुमार, अर्जुन कुमार, कुलदीप सिंह, शामू चौहान, रविंद्र सिंह लाडी, युवक मंडल क्लब प्रधान रियाली नरेंद्र सिंह बिल्ला सूचा सिंह, जोगिंदर सिंह पूर्व सैनिक, सुरेंद्र पठानिया, भुवनेश कुमार राणा, राम सिंह ने कहा कि धान खरीद मंडी पूर्णतः तैयार नहीं हुई है, जिसकी सरासर जिम्मेवार भाजपा सरकार है।

प्रदेश सरकार चाहे तो एक दिन में इस मंडी को शुरू कर सकती है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से सारा सामान मुहैया करवाया है। ग्राउंड की लेवलिंग करवाई है, तार लगा कर दी है, बिजली के पोल खुद स्थानीय ग्राम वासी लगा रहे हैं, इसमें विभाग की किसी भी प्रकार की कोई मदद नहीं हुई है। धान की फसल अब बेचने के लिए तैयार है लेकिन किसानों के पास मंडी न होने से परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों में इस धान खरीद मंडी के शुरू न होने से काफी रोष पनप रहा है। वहीं, जब अपने चुनाव प्रचार के लिए भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर रियाली में पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने उनसे धान खरीद केंद्र के बारे में प्रश्न पूछना शुरु कर दिया। इस पर भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर ने कुछ दिन और इंतजार करने के लिए कहा ताकि उनका धान एफ.सी.आई. के माध्यम से खरीदा जा सके। वहीं किसानों ने भी प्रत्याशी को मंडी के शुरू होने के बाद ही प्रचार के लिए आने की बात कही।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News