''क्रिकेट को अनुराग ने दी पहचान''
punjabkesari.in Friday, Jan 06, 2017 - 03:53 PM (IST)

बिलासपुर: जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी एवं बिलासपुर क्रिकेट एसोसिएशन के प्रवक्ता सोनल शर्मा ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर ने एच.पी.सी.ए. एवं बी.सी.सी.आई. के अध्यक्ष पद पर रहते हुए क्रिकेट को नई ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए अपना योगदान दिया है। यह समूचे प्रदेश के लिए एक बड़ी गर्व की बात है कि प्रदेश का एक युवा विश्व की सबसे अमीर संस्था के अध्यक्ष थे परंतु विरोधी इस बात को नहीं पचा पा रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सांसद अनुराग ठाकुर ने न केवल क्रिकेट को एक नई ऊंचाई दी है बल्कि धर्मशाला स्टेडियम में आई.पी.एल. व अंतर्राष्ट्रीय मैच करवाकर प्रदेश को विश्व भर में एक नई पहचान दी है, जिसका श्रेय सांसद अनुराग ठाकुर को ही जाता है।
अनुराग ने प्रदेश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया
हिमाचल प्रदेश में अनुराग ठाकुर ने धर्मशाला के साथ-2 नादौन, ऊना, शिमला व बिलासपुर में भी क्रिकेट स्टेडियम बनाए हैं जिसमें जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मैच होते हैं। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश आने पर कुछ स्वयंभू नेता बड़े बयान दे रहे हैं उनसे पूछना चाहा है कि हिमाचल को आगे लाने के लिए प्रदेश सरकार ने क्या किया? युवाओं के लिए कौन से सकारात्मक कदम उठाए? हिमाचल सरकार ने खेलों के लिए क्या किया है? उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदेश के विकास में बहुत बड़ा योगदान दिया है। सर्वोच्च न्यायालय का फैसला सांसद अनुराग ठाकु र के खिलाफ नहीं बल्कि बी.सी.सी.आई. अध्यक्ष के खिलाफ सुनाया है। जनता जानती है कि खेल और खिलाड़ियों के प्रति अनुराग ठाकुर का कितना बड़ा योगदान रहा है। एक छोटे से पहाड़ी प्रदेश से इस स्तर तक जाना बहुत बड़ी बात है। आज हिमाचल में क्रिकेट को ही नहीं बल्कि पर्यटन को भी बल मिला है। हिमाचल का हर खिलाड़ी व युवा उनके साथ खड़ा है।