Hamirpur: भोटा स्कूल के 4 बच्चे पीलिया की चपेट में, जांच में स्कूल की टंकियों का पानी निकला शुद्ध
punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 12:40 PM (IST)
भोटा (वर्मा): पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोटा में पढ़ने वाले बच्चों को पीलिया रोग के होने से अभिभावक परेशान हैं। हालांकि विद्यालय प्रशासन ने स्कूल के पानी की जांच भी करवाई, जिसमें पानी शुद्ध पाया गया है। जानकारी के अनुसार स्कूल के 4 बच्चों में पीलिया रोग पाया गया, जिनमें से एक बच्चे का इलाज राधास्वामी अस्पताल व अन्य का प्राथमिक अस्पताल भोटा में चल रहा है। विद्यालय प्रधानाचार्या सनम ने बताया कि 3-4 दिन पहले 2 बच्चों के अभिभावकों ने फोन पर अपने बच्चों को पीलिया होने की जानकारी दी थी व उन्होंने तत्काल जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से बात कर स्कूल के पानी की लैब में जांच करवाई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पानी में कोई बैक्टीरिया नहीं पाया गया है।
इस संबंध में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोटा के इंचार्ज डा. ऋषभ ने बताया कि 18 मई से पॉलीटैक्नीक कालेज बड़ू व वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के 7-8 पीलिया रोग के मामले आए हैं, जिनमें से कुछ रोगी ठीक होकर चले गए हैं व कुछ का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों को पीलिया कैसे हुआ, इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है, जबकि स्कूल की टंकियां साफ-सुथरी व लैब में स्कूल का पानी स्वच्छ पाया गया है। वहीं जल शक्ति उपमंडल भोटा के सहायक अभियंता प्रवीण पठानिया ने सभी लोगों से अपनी पानी की टंकियों की साफ-सफाई करने की अपील की है।

