Chamba: श्री मणिमहेश यात्रा के अंतिम चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 06:29 PM (IST)
भरमौर (उत्तम): श्री मणिमहेश यात्रा 2026 के चौथे एवं अंतिम चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। चौथे चरण में यात्रा करने वाले श्रद्धालु निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन पंजीकरण कर यात्रा संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रतिदिन 5,000 श्रद्धालुओं के लिए यात्रा स्लॉट निर्धारित किए गए हैं। मौसम, विशेष दिनों एवं अन्य परिस्थितियों के अनुसार निर्धारित स्लॉट की संख्या में वृद्धि अथवा कमी की जा सकती है। एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने यात्रा के चौथे एवं अंतिम चरण में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनसे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा यात्रा को सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाने में सहयोग देने की अपील की है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से विशेष रूप से स्वच्छता का ध्यान रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग, पड़ाव स्थलों, मणिमहेश झील तथा आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा न फैलाएं। यात्रा के दौरान उत्पन्न कूड़े-कचरे को अपने साथ वापस लाएं तथा निर्धारित स्थान पर ही उसका उचित निस्तारण करें। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्लास्टिक, बोतलें, पैकेट एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री खुले में अथवा प्राकृतिक स्थलों पर न छोड़ने तथा स्वयं स्वच्छता का पालन करने के साथ-साथ अन्य श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मणिमहेश धाम हमारी आस्था एवं श्रद्धा का पवित्र केंद्र होने के साथ-साथ हिमाचल की अनमोल प्राकृतिक धरोहर भी है। इसकी पवित्रता, स्वच्छता एवं प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यात्रा के दौरान प्रशासन का सहयोग करें और कूड़ा न फैलाएं, कूड़ा वापस लाएं के संदेश को आत्मसात करते हुए स्वच्छ एवं सुरक्षित मणिमहेश यात्रा में योगदान दें।
यहां करें संपर्क
ऑनलाइन पंजीकरण एवं आधिकारिक जानकारी के लिए श्री मणिमहेश यात्रा की आधिकारिक वैबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यात्रा संबंधी सहायता एवं जानकारी के लिए व्हाटसएप नंबर 91 94594 80602 तथा लैंडलाइन नंबर 01895-225027 पर संपर्क किया जा सकता है।

