Chamba: 12 घंटे से बंद पड़ा खड़ामुख-होली मार्ग, इस कारण हुई समस्या

punjabkesari.in Wednesday, Aug 28, 2024 - 09:40 PM (IST)

भरमौर (उत्तम): खड़ामुख-होली मार्ग पर एक सीमैंट की बोगी के टायर धंस गए। इसके बाद अचानक पहाड़ी दरक गई और मलबा बोगी पर गिर गया। इससे मार्ग सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया। देर शाम तक मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया। बुधवार सुबह करीब 3 बजे झिरडू मोड़ के पास एक सीमैंट से लदी बोगी सड़क में फंस गई तथा बोगी से कुछ दूरी पर पीछे एकाएक भारी लैंड स्लाइड हुआ जिसकी चपेट में आने से सीमैंट से लदी हुई बोगी भी बाल-बाल बच गई। हालांकि सड़क खराब हो जाने के चलते यह बोगी अभी तक भी बीच रास्ते में ही फंसी हुई है। विभाग और विद्युत कंपनी द्वारा सड़क को खोलने का लगातार प्रयास किया जा रहा है लेकिन लगातार हो रहे लैंड स्लाइड के चलते इस सड़क को खोलने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उधर, सड़क बंद होने के चलते इस मार्ग पर वाहनों के पहिए पूरी तरह से थम गए हैं। लोगों को एक जगह से दूसरी जगह पर जाने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक दर्जन बसें भी दूसरी ओर फंसी हुई हैं। सड़क बंद होने के चलते यहां पर दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। बहरहाल विभाग व विद्युत कंपनी द्वारा इस सड़क को खोलने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं लेकिन भूस्खलन से गिरा मलबा बोगी के नजदीक ही है, जहां ब्लास्टिंग करने से बोगी को खतरा है। अब विभाग बोगी को सुरक्षित निकालने के प्रयास कर रहा है। जिसके चलते सड़क बहाल करने में दिक्कत आ रही है। ये वही स्थान है जहां भारी लैंड स्लाइड होने के चलते पहले भी तकरीबन 2 महीने तक यह सड़क पूरी तरह से बंद रही थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News