Solan: 50 लाख रुपए की चोरी मामले में 2 गिरफ्तार, चोरी की मशीन बरामद
punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 10:46 PM (IST)
बीबीएन (शेर सिंह): नालागढ़ पुलिस ने बंद फैक्टरी से करीब 50 लाख रुपए की चोरी करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 फरवरी 2026 को शिकायतकर्त्ता अनिल ठाकुर एचआर प्रबंधक रिकाया इंटरप्राइजिज राजपुरा रोड नालागढ़ द्वारा पुलिस थाना नालागढ़ में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 18 फरवरी 2026 की रात लगभग 10:00 बजे 4-5 अज्ञात व्यक्ति जबरदस्ती उनकी बंद पड़ी उपरोक्त फैक्टरी परिसर में घुस गए थे। आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों को बंधक बना लिया तथा हाईड्रा मशीन की सहायता से फैक्टरी में रखी गियर बाॅक्स मशीन को लोड कर अपने साथ चुरा कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नालागढ़ पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना नालागढ़ में मामला पंजीकृत कर मामले की तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी व गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच करते हुए 2 आरोपियों अवतार सिंह उर्फ थोना निवासी गांव बनबीरपुर, डा. लोदीमाजरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन तथा भजन निवासी गांव ढाणा, डा. भाटियां, तहसील नालागढ़, जिला सोलन को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस द्वारा चोरी की गई गियर बाॅक्स मशीन, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपए है, को भी बरामद कर लिया गया है तथा साथ ही साथ वारदात में इस्तेमाल की गई हाईड्रा मशीन को पुलिस द्वारा जब्त किया जा चुका है। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि उपरोक्त दोनों आरोपियों अवतार सिंह उर्फ थोना तथा भजन को अदालत में पेश किया गया, जहां से उपरोक्त दोनों आरोपियों को 2 दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा वारदात में संलिप्त अन्य आरोपियों तथा प्रयुक्त अन्य वाहनों की तलाश की जा रही है।

