Una: चोरों ने रात को निजी अस्पताल के तोड़े ताले, चोरी सामान का नहीं लगा पता, मशीनों से छेड़छाड़

punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 07:53 PM (IST)

बड़ूही: उपमंडल अम्ब के तहत दिलवां स्थित चौधरी अस्पताल में सोमवार रात को चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए और विभिन्न कमरों में रखे सामान को खंगाला। सुबह घटना का पता चलने पर अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार रात के समय अस्पताल बंद रहता है। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे पर लगे ताले तोड़े। बताया जा रहा है कि चोरों ने अस्पताल में लगी कुछ मशीनों के साथ भी छेड़छाड़ की। हालांकि अस्पताल से वास्तव में कितना और कौन-कौन सा सामान चोरी हुआ है, इसकी अभी स्पष्ट पुष्टि नहीं हो पाई है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा कमरों और सामान की जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मुख्य प्रवेश द्वार सहित अस्पताल के विभिन्न कमरों का जायजा लिया तथा वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

दिलवां पंचायत के उपप्रधान बलविंदर सिंह तथा ग्रामीण राशपाल शर्मा, विपन कुमार, सचिन, राहुल, लाल सिंह और बलराज सिंह ने पुलिस प्रशासन से दिलवां क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। अस्पताल प्रबंधक रिंकू चौधरी ने कहा कि उन्होंने सुबह जब ताले टूटे पाए तो चोरी का पता चला ऐसे में कितना नुक्सान हुआ है इसका आकलन नहीं कर पाए हैं

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News