Una: पिकअप से खैर के 30 मौछे बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 09:51 PM (IST)
बंगाणा (शर्मा): कुटलैहड़ क्षेत्र के तहत लठियाणी के समीप वन विभाग की टीम ने मंगलवार को लठियाणी के समीप नलूट में एक पिकअप ट्राला से खैर की लकड़ी के 30 मौछे बरामद किए। इस मामले में वन विभाग की टीम ने मौके पर 3 लोगों को पकड़ लिया, जबकि 2 लोग भाग गए। उनकी पुलिस तलाश कर रही है। फिलहाल वन विभाग की टीम नलूट जंगल से काटे गए पेड़ों की पहचान करने में जुट गई है।
वन विभाग ने सरकारी जंगल से काटी गई खैर की लकड़ी की 1 लाख 68 हजार रुपए के करीब कीमत आंकी है। वन विभाग को इस क्षेत्र में रात्रि के समय अवैध कटान होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर मंगलवार सुबह वनरक्षक प्रवीण कुमार, आसिफ भट्टी, कर्ण सिंह व अंकुश पर आधारित टीम क्षेत्र में गश्त पर निकली थी, इस दौरान नलूट में एक पिकअप ट्राला को चैकिंग हेतु रोका तो उसमें खैर के मौछे लोड किए हुए थे।
हालांकि वन कर्मियों ने पिकअप ट्राला चालक से खैर की लकड़ी के दस्तावेज मांगे तो वह कोई परमिशन नहीं दिखा पाया, जिसके बाद वन विभाग के रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद ने बंगाणा पुलिस थाना को सूचित किया। वन विभाग की टीम द्वारा मौके पर पकड़े गए 3 लोगों को पिकअप ट्राला सहित पुलिस के हवाले कर दिया।
बंगाणा पुलिस थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि वन परिक्षेत्र अधिकारी बंगाणा अंकुश आनंद ने नलूट में खैर की लकड़ी के साथ पकड़े गए 5 लोगों राजेश कुमार झजयाणी थाना बड़सर, मनवर सिंह डडयार थाना बंगाणा, अभिषेक मसलाना थाना बड़सर के अलावा विशाल नलूट व अनीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस थाना में वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने सरकारी जंगल से खैर की लकड़ी चोरी छिपे काटने के मामले की जांच शुरू कर दी है।

