लाहौल-स्पीति : डिंफुक के समीप हिमस्खलन, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई दिक्कत

punjabkesari.in Friday, Apr 21, 2023 - 07:45 PM (IST)

पतलीकूहल (ब्यूरो): लाहौल-स्पीति जिले में हिमपात के बाद हिमस्खलन की घटनाएं बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार अब लाहौल के डिंफुक के पास फुम्मण नाले में हिमस्खलन हुआ परंतु इससे कोई भी नुक्सान नहीं हुआ है। 4 दिनों से कोकसर व चंद्रा घाटी सहित आधा दर्जन स्थानों में हिमस्खलन की घटनाएं हो चुकी हैं। दूसरी ओर बर्फीली हवाओं से चंद्रा घाटी के लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। शुक्रवार सुबह मौसम साफ होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली लेकिन यह क्रम अधिक देर तक नहीं चला। दोपहर होते ही फिर से मौसम ने करवट बदली और हिमपात का क्रम शुरू हो गया। 

रक्षा भू भाग अनुसंधान की चेतावनी से प्रशासन सतर्क
रक्षा भू भाग अनुसंधान (डीजीआरई) द्वारा हिमस्खलन की चेतावनी देने के बाद लाहौल-स्पीति प्रशासन भी सतर्क हो गया है। लाहौल-स्पीति में 4 दिन से लगातार बर्फबारी का क्रम चला हुआ है। हालांकि आज सुबह मौसम साफ हुआ लेकिन दोपहर बाद फिर से चोटियों में हिमपात हुआ। ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में एक से डेढ़ फुट जबकि समस्त घाटी में आधा से एक फुट तक बर्फ  की चादर बिछी है। ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीण घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। इससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। लाहौल की समस्त सड़कें बंद हैं और बीआरओ इनकी बहाली में जुट गया है। 

इन इलाकों में हिमस्खलन की संभावना बढ़ी
भारी हिमपात के चलते समस्त लाहौल में हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। रक्षा भू भाग अनुसंधान ने मनाली के ऊपरी क्षेत्रों धुंधी व अटल टनल के साऊथ पोर्टल सहित लाहौल के अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से केलांग तक तथा कोकसर-सिस्सू-तांदी, दारचा रूट के अलावा दारचा-पटसेउ-जिंगजिंगबार, बारालाचा, सरचू, लाचुंगला, पांग से तंगलंगला, तांदी-किर्तिंग, थिरोट, कुकुमसेरी, उदयपुर से शौर, किलाड़, छतड़ू में हिमस्खलन की संभावना जताई है। एसपी लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि जिले में भारी हिमपात के बाद हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे हालात को देखकर ही घरों से बाहर निकलें।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News