पिता के बाद अब 2 बच्चों के सिर से उठा मां का साया, सांप के डसने से आशा वर्कर की मौत; इलाके में पसरा मातम

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 02:12 PM (IST)

रैहन (दुर्गेश कटोच) : जिला कांगड़ा की हटपंग पंचायत के ठाकुरद्वारा गांव से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां पर आशा वर्कर रेनू बाला की सांप के डसने से मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि 12 सितंबर को घर पर ही उनकी तबीयत बिगड़ी और उनकी मृत्यु हो गई।

2 बच्चों के सिर से उठा मां का साया

हटपंग पंचायत की प्रधान शशि बाला ने बताया कि रेनू बाला की मौत घर पर सांप के डसने के कारण हुई है।  बताया जा रहा है कि रेनू बाला के पति श्याम सिंह का करीब छह वर्ष पहले निधन हो चुका था। पति की मृत्यु के बाद वह अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रही थीं। अब उनके निधन से उनके पीछे दो नाबालिग बच्चे हर्ष और निधि रह गए हैं। मां के निधन के बाद दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार और ग्रामीणों में चिंता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चों की मदद की लगाई गुहार

रेनू बाला के देवर सुजान सिंह ने बताया कि जब तक वह मौके पर पहुंचे, तब तक रेनू बाला की मृत्यु हो चुकी थी। परिजनों द्वारा उनका अंतिम संस्कार 13 सितंबर को किया गया। आशा वर्कर के रूप में रेनू बाला स्थानीय लोगों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी हुई थीं। उनके अचानक निधन से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में भी गहरा दुख है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार, विशेषकर दोनों नाबालिग बच्चों की हरसंभव सहायता करने की मांग की है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News