लाख कोशिशों के बाद भी मंडियों में लूटे जा रहे बागवान, APMC पर आढ़तियों से मिलीभगत के आरोप (Video)

punjabkesari.in Tuesday, Jul 23, 2019 - 04:29 PM (IST)

रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): हिमाचल प्रदेश में सेब तैयार होकर मंडियों में पहुंचना शुरू हो गया  है। इससे पहले अर्ली वैरायटी सेब और नाशपाती सेब मंडियों में पहुंच रहा था लेकिन सरकार के लाख प्रयासों के बाद भी सेब सीजन शुरू होते ही आढ़तियों की मनमानी शुरू हो जाती है, ऐसे में सेब बागवान को अपना सेब औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हालांकि सरकार की ओर से तौलिये के नीचे हाथ रखकर गुप्त बोली यानी सेब के दाम गुप्त रूप से लगाने पर प्रतिबंध लगाया गया है लेकिन सेब आढ़ती और खरीददार तौलिये के नीचे हाथ रखकर कोडवर्ड में सेब की दरें तय कर रहे हैं।

सामने खड़ा किसान तौलिये के नीचे क्या सौदा हुआ नहीं समझ पाता, ऐसे में तौलिये के नीचे उंगलियों से आढ़ती और सेब खरीद करने वाला रेट तय करते हैं कि कितना बागवान को देना है और कितना कमीशन रखना है। उसके बाद बागवान को बताया जा रहा ह ैकि आप के सेब का दाम इतना है और उसे मजबूरी में उनके द्वारा तय दरों पर बेचना पड़ता है। इसी तरह इस बार नारकंडा से खेगसू तक के आढ़ती सिक्स लेयर सेब पेटी के दाम बोलीलगने अथवा बिकने के बाद 25 फीसदी पैसा काट कर दे रहे हंै।  इसका भी बागवान विरोध कर रहे हैं। बागवानों ने ए.पी.एम.सी. कर्मियों पर आढ़तियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया है तथा उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाने की मांग की है।

सोमवार को भी लुहरी के समीप कुल्लू जिला की खेगसू सेब मंडी में दर्जनों आढ़ती रुमाल और तौलिये के नीचे उंगलियों से सेब की दरें तय करते हुए पाए गए। जैसे ही उन्हें कैमरे की भनक लगी तो सब ने तौलिये हटाकर खुली बोली लगानी शुरू कर दी। बागवान शमशेर सिंह ने बताया वे सेब लेकर खेगसू पहुंचे हैं लेकिन अब भी तौलिये के नीचे हाथ रखकर बोलियां लग रही हैं जो सरासर गलत है। हमारे साथ अन्याय हो रहा है  जबकि ए.पी.एम.सी. के लोग यहीं बैठते हैं फिर भी धांधली हो रही है। बागवान चुनी लाला ने बताया इस बार आढ़तियों से जो सिक्स लेयर सेब पेटी जिसमें 310 दाने हैं, उसका रेट बोली के बाद 25 फीसदी कम कर बागवानों को पैसा दिया जा रहा है। पहले ऐसा नहीं होता था। उन्होंने बतायाकि दूसरा तौलिये के नीचे हाथरख कर बागवान के सेब का दाम तय किया जा रहा है जोकि गलत है।

वहीं मंडी समिति निदेशक केवल राम बुशहरी ने बताया कि हमारे ध्यान में आया है कि आढ़ती रुमाल के नीचे बोली लगाकर बागवानों से खिलवाड़ कर रहे हैं।  इस मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। सरकार बागवानों के हितों को सर्वोपरि रखती है। यदि ऐसा पाया गया तो आढ़तियों के खिलाफ कार्रवाही होगी। इसमें अगर ए.पी.एम.सी. के कर्मी संलिप्त पाए गए तो उनके खिलाफ भी कार्रवाही की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News