चुराह के कलकुंडी से नाग देवता की प्राचीन मूर्ति चोरी, पुलिस जांच में जुटी

punjabkesari.in Sunday, Jun 05, 2022 - 10:10 PM (IST)

तीसा (सुभानदीन): चम्बा जिले के उपममंडल चुराह की पधर पंचायत के कलकुंडी नामक स्थान से नाग देवता की मूर्ति चोरी हो गई। क्षेत्र के लोग नाग देवता को आराध्य देव मानते हैं। मूर्ति चोरी होने के बाद क्षेत्र के लोगों में काफी रोष है। जानकारी अनुसार रविवार सुबह स्थानीय लोग जब नाग महल देवता की पूजा-अर्चना करने मंदिर गए तो वहां का दृश्य देखकर हैरान रह गए। मंदिर के दरवाजे खुले थे और नाग देवता की मूर्ति मंदिर से गायब थी। घटना की जानकारी आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। सुबह-सवेरे सैंकड़ों लोग मंदिर में एकत्रित हो गए। मूर्ति को आसपास खोजा लेकिन मूर्ति कहीं नहीं मिली। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस थाना तीसा को दी। पुलिस ने मौके पर बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

लोगों के कुल देवता व आराध्य देव हैं नाग देवता
स्थानीय लोगों की नाग देवता पर काफी आस्था है। नाग देवता स्थानीय लोगों के कुल देवता व आराध्य देव हैं। क्षेत्र में छोटे से छोटा शुभ कार्य शुरू करने से पहले लोग नाग देवता की पूजा करते हैं। वहीं हर साल फसल तैयार होने के बाद लोग पहले अपनी फसल को देवता के मंदिर में चढ़ाते हैं। पधर पंचायत के हरि राम, किशन, राम दियाल, पर्जा, रूप सिंह, किशोर कुमार व अन्यों का कहना है कि वे कलकुंडी स्थान पर विराजमान नाग देवता की पूजा करते आए हैं। उन्होंने अपने पूर्वजों से नाग देवता की कहानियां सुनी हैं।   

नाग देवता के नाम पर होता है मेला
नाग देवता पर लोगों की काफी आस्था है। वहीं नाग देवता के नाम पर कलकुंडी नामक स्थान पर हर साल मेला लगता है। इस दौरान लोग नाग देवता के दर्शन कर उनकी पूजा करते हैं। इस दौरान लोग नाग देवता को चढ़ावा भी चढ़ाते हैं।

जल्द बरामद होगी मूर्ति : प्रधान
ग्राम पंचायत पधर के प्रधान धनपत ने बताया कि कलकुंडी नाग मंदिर से मूर्ति चोरी होने की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी तथा पुलिस के साथ नाग देवता के मंदिर का मौका किया गया। इस दौरान मंदिर के आसपास मूर्ति खोजने पर भी नहीं मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमें आश्वस्त किया है कि जल्द ही मूर्ति बरामद कर नाग देवता को मंदिर में दोबारा स्थापित करेंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News