Una: अम्बोटा का युवक सऊदी अरब में फंसा, पत्नी ने CM से लगाई वतन वापसी की गुहार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 07:47 PM (IST)

गगरेट (बृज): परिवार की आर्थिक तंगी दूर करने और सुनहरे भविष्य का सपना लेकर सऊदी अरब गया गगरेट उपमंडल के अम्बोटा गांव का एक युवक वहां ऐसी मुसीबत में फंस गया है कि अब उसकी जान पर बन आई है। हालात ये हैं कि युवक का अब अपने परिवार से संपर्क भी टूट चुका है। विदेश से आए आखिरी फोन कॉल में उसने अपने परिजनों को बताया था कि उसकी हालत बेहद नाजुक है और वह किसी अस्पताल में भर्ती है। उसके पास न खाने को एक निवाला है और न ही सिर छुपाने के लिए कोई छत।

पति की इस दर्दनाक हालत का पता चलने के बाद घर पर पत्नी नरेश कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कभी भगवान के आगे हाथ जोड़ रही है तो कभी सरकार और हुक्मरानों से अपने पति की सकुशल वतन वापसी की गुहाल लगा रही है। पत्नी नरेश कुमारी ने रुंधे गले से बताया कि घर की गरीबी दूर करने के लिए उनके पति मनीष कुमार ने साल 2023 में सऊदी अरब जाने का फैसला किया था। वहां उसे ड्राइवर की नौकरी मिली थी। कुछ समय बाद किन्हीं कारणों से मनीष ने उस कंपनी में नौकरी छोड़ दी। इसके बाद कंपनी ने मनीष  पर हफर अल बातिन के कोर्ट में केस कर दिया, जहां से उसे 3466 रियाल (सऊदी मुद्रा) का भारी जुर्माना ठोक दिया गया। मुसीबत यहीं कम नहीं हुई, वहां के परिवहन मंत्रालय ने भी उस पर 1166 रियाल का अतिरिक्त जुर्माना लगा दिया।

लाखों रुपए (भारतीय मुद्रा में) के जुर्माने से मनीष बुरी तरह घबरा गया। उसके पास न कोई काम बचा और न ही रहने का ठिकाना। डर के मारे वह छुपकर रहने लगा। पत्नी के अनुसार, भारी मानसिक दबाव के चलते मनीष डिप्रेशन का शिकार हो गया। वह रातें एक मस्जिद में छिपकर गुजारता था और दिन में पागलों की तरह सड़कों की खाक छानता था। परिवार को यह भी समझ नहीं आ रहा कि इतनी दूर से वे जुर्माने की रकम कैसे भरें। वहां मनीष का अपना कोई नहीं है जो उसकी मदद कर सके। नरेश कुमारी ने बताया कि कुछ समय पहले मनीष ने सऊदी अरब से अपनी एक लोकेशन (7996 किंग खालिद ब्रांच रोड, नियर तबूक) भेजी थी। इसके बाद से उसका मोबाइल नंबर लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।

हर तरफ से निराश हो चुकी नरेश कुमारी ने अब हिमाचल के मुख्यमंत्री और भारत के विदेश मंत्रालय के समक्ष संकट की इस घड़ी में मदद की गुहार लगाई है। नरेश कुमारी ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर से भी अपील की है कि वे इस मामले को विदेश मंत्रालय के समक्ष प्रमुखता से उठाएं, ताकि विदेश में दर-दर की ठोकरें खा रहे और जिंदगी-मौत से जूझ रहे उसके पति मनीष को सकुशल वापस भारत लाया जा सके।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News