Kangra: सुजानपुर पुल के पास गाड़ी में 1 किलो 117 ग्राम चरस बरामद
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 10:51 PM (IST)
आलमपुर (पुरी): नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लम्बागांव पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आलमपुर-सुजानपुर पुल के पास एक वाहन से भारी मात्रा में चरस बरामद की है। जानकारी के अनुसार लम्बागांव पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन में अवैध रूप से नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकाबंदी की।
इस दौरान संदेह के आधार पर सुजानपुर पुल के पास एक गाड़ी को रोका गया, जिसमें सवार व्यक्ति की पहचान सुरेंद्र कुमार पुत्र देवी दास निवासी गांव हरदारा, डाकघर नगेहड़, तहसील बैजनाथ, जिला कांगड़ा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने जब वाहन की गहन तलाशी ली तो उसमें 1 किलो 117 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रतन ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

