हिमाचल में नि:शुल्क हवाई एम्बुलैंस सेवा शुरू करने को एम.ओ.यू. साइन

punjabkesari.in Thursday, Jun 14, 2018 - 11:38 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में हवाई एम्बुलैंस शुरू करने को लेकर एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर हो गए हैं। अब प्रदेश के मरीजों को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान होंगी। राज्य सरकार हैलीमिशन फाऊंडेशन स्विट्जरलैंड तथा लेडी विलिंटन अस्पताल मनाली के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों को स्वास्थ्य एवं वैलनेस केंद्रों में परिवर्तित कर स्वास्थ्य कार्यक्रम आयुष्मान भारत को कार्यान्वित करेगी। इसके अंतर्गत निर्धन लोगों को 5 लाख रुपए का स्वास्थ्य सुरक्षा छत्र प्रदान किया जाएगा।


लोगों को घर-द्वार पर मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने स्विट्जरलैंड हैलीमिशन फाऊंडेशन का प्रदेश में लेडी विलिंटन अस्पताल मनाली के साथ नि:शुल्क हवाई एम्बुलैंस सेवा आरंभ करने के प्रस्ताव के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस हवाई एम्बुलैंस सेवा से पूरे प्रदेश के मरीजों को नजदीक के स्वास्थ्य संस्थान के लिए लिफ्ट किया जा सकेगा और यह 108 एम्बुलैंस सेवा के निकट समन्वय के साथ क्रियाशील होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी आवश्यक अधोसंरचना उपलब्ध करवाएगी, जिनमें मानव संसाधनों के लिए आवासीय स्थान लैंडिंग व हैलीकॉप्टर का रखरखाव इत्यादि शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों को घर-द्वार के समीप बेहतर स्वास्थ्य उपचार सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है।


स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 2302 करोड़ रुपए का बजट
उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 2302 करोड़ रुपए का बजट आबंटन किया गया है। जो गत वर्ष के बजट से 582 करोड़ रुपए अधिक है। हैलीमिशन फाऊंडेशन स्विट्जरलैंड के अंतर्राष्ट्रीय निदेशक सीमन टैनर ने कहा कि फाऊंडेशन इस क्षेत्र में गत 47 वर्षों से कार्य कर रही है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News