अग्निहोत्री ने साधा निशाना, बोले-कानून व्यवस्था सुधारने की बजाय नाटी डालने में व्यस्त है जयराम सरकार

punjabkesari.in Sunday, May 06, 2018 - 09:57 PM (IST)

ऊना: कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश की बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था को सुधारने की बजाय नाटी डालने में व्यस्त है। भाजपा के कई नेता ऐसा करते नजर आए हैं जोकि शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के 100 दिन के कार्यकाल में 100 दिल दहला देने वाली घटनाएं हुई हैं और इन 100 दिनों में 75 दुराचार और 25 हत्याओं के मामले हुए हैं जबकि एक ही सप्ताह में 2 शूटआऊट हुए हैं। रविवार को जारी बयान में अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून की लचर व्यवस्था से प्रदेश व देश में ही नहीं बल्कि विश्व में भी साख खराब हो रही है जिसका कारण प्रदेश में जयराम सरकार का होना है। उन्होंने कहा कि 2 बार धारा 144 लगानी पड़ी है। आए दिन प्रदेश में शव मिल रहे हैं। पालमपुर सहित कई स्थानों पर रेप के शर्मनाक मामले सामने आए हैं जो साफ करते हैं कि इस सरकार में कानून व्यवस्था तहस-नहस हो रही है।


3 बार सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद भी नहीं जागे सी.एम.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री काम करने के स्थान पर स्वागत करवाने व जश्न मनाने में ही मस्त हैं और कसौली की घटना व 3 बार सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद भी जागे नहीं हैं। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि इस घटना पर कार्रवाई करने व जिम्मेदारी तय करने के स्थान पर मुख्यमंत्री राजनीति कर रहे हैं। तबादलों पर भी सरकार का रुख क्लीयर नहीं है। मुख्यमंत्री के सोलन जिला के 2 दौरे के दौरान विकास कम और तबादले अधिक हुए हैं। तबादलों के लिए मंत्रियों में आपसी भिड़ंत हो रही है और हजारों की तादाद में राजनीतिक तबादले हो रहे हैं।


कांग्रेस को दोष देकर जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती जयराम सरकार
उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण के लिए कांग्रेस को दोष देकर जयराम सरकार जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती। अवैध निर्माण किसी भी सरकार में हुए हो वह गलत है और इस पर निरंतर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व में सिर्फ कांग्रेस की सरकार ही नहीं रही है बल्कि 4 बार भाजपा की सरकार भी सत्ता में रही है, ऐसे में कांग्रेस पर दोष लगाने से पहले मुख्यमंत्री ये सोच लें कि क्या वे ये प्रमाण पत्र दे सकते हैं कि भाजपा की सरकार में कोई अवैध निर्माण नहीं हुआ?


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News