मनोनीत CM से मुलाकात के बाद प्रतिभा बोलीं-विक्रमादित्य का मंत्री बनना तय, सुक्खू ने याद किए पुराने दिन
punjabkesari.in Sunday, Dec 11, 2022 - 01:01 PM (IST)

हिमाचल डेस्क : चार बार के विधायक और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू आज 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। सुक्खू के साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शिमला के रिज मैदान पर आज दोपहर 1:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा नवनिर्वाचित पार्टी के विधायक, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहेंगे। इससे पहले मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात करने के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि मैं औपचारिक तौर पर एक मुलाकात करने के लिए यहां पहुंची थी। विक्रमादित्य सिंह का मंत्री बनना लगभग तय है। हम इकट्ठे प्रदेश में कार्य करेंगे, हमें मिलकर चलना है। वहीं, कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सुक्खू को प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है। आज शपथ ग्रहण में कई शीर्ष नेतृत्व शामिल होंगे। कांग्रेस पार्टी एक थी एक है और एक रहेगी। जो भी शीर्ष नेतृत्व का निर्णय है वह हमारे लिए स्वीकार्य है। शपथ ग्रहण समारोह से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को आमंत्रित करते के बाद मनोनीत CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मेरा दायित्व है कि जो प्रदेश में पार्टी को आगे लेकर चलती हैं,जो हमारी प्रदेश अध्यक्ष हैं उनके पास जाना और उन्हें शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित करना,यह पहला आमंत्रण है जो हम दे रहे हैं। वहीं, शिमला आते समय मीडिया से बातचीत में सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने बताया कि मैं हिमाचल की जनता का धन्यवाद करती हूं, हर सफलता के पीछे संघर्ष तो करना ही पड़ता है। हम जिस तरह उनके साथ पहले थे आगे भी रहेंगे। इससे पहले मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जब मैं शिमला में कॉलेज का अध्यक्ष बना था, तब मेरे साथ घर बहुत लोग आते थे। सभी के लिए मेरी मां खाना बनाती थी। मां के आशीर्वाद से ही आज मैं यहां तक पहुंचा हूं।