कालका-शिमला हाईवे पर हादसा: डिवाइडर पार कर सेना के वाहन से टकराई कार, चालक की मौत

punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 08:18 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): कालका-शिमला नैशनल हाईवे-5 पर वाकनाघाट के समीप एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा घुसी और सेना के एक वाहन से टकरा गई। इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार शिमला की ओर से आ रही थी। वाकनाघाट के पास पहुंचते ही चालक ने कार से अचानक अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार तेजी से डिवाइडर को पार करते हुए विपरीत दिशा वाली लेन में चली गई। इसी दौरान वहां अपनी सही दिशा में जा रहे सेना के एक वाहन से कार की जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार सेना के वाहन से टकराने के बाद काफी दूर जाकर गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए।

हादसा इतना जोरदार था कि कार बुरी तरह पिचक गई और चालक वाहन के अंदर ही फंस गया। घटना के तुरंत बाद सेना के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के अंदर फंसे चालक को बाहर निकाला। कार चालक इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। सेना के जवानों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए शिमला स्थित आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, चालक की चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया।

इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और ट्रैफिक को सुचारू करवाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन रमेश शर्मा ने हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सड़क हादसे में कार चालक की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News