हिमाचल से अभिषेक मनु सिंघवी कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार
punjabkesari.in Wednesday, Feb 14, 2024 - 08:48 PM (IST)

शिमला (राक्टा): लंबे मंथन के बाद कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल से राज्यसभा चुनाव के लिए अपना उम्मीदवार तय कर लिया है। इसके तहत सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी राज्यसभा के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। सिंघवी वीरवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसी कड़ी में वह बुधवार दोपहर बाद शिमला पहुंचे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और छतीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी शिमला पहुंचे हैं। सिंघवी ने विधानसभा पहुंचकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुलाकात की। सीएम ने राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार बनाए जाने पर सिंघवी को बधाई दी। मंत्री हर्षवर्धन और जगत सिंह नेगी ने उनका स्वागत किया। इसके साथ ही शाम को हुई विधायक दल की बैठक में सभी मंत्रियों व विधायकों से उनका परिचय करवाया गया, साथ ही सत्ताधारी दल के विधायकों ने उनके लिए रात्रि भोज रखा।
प्रदेश कांग्रेस ने पहले सोनिया-प्रियंका में से किसी एक को दी थी राज्यसभा भेजने की सहमति
गौर हो कि पहले प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी में से किसी एक को हिमाचल से राज्यसभा भेजने की सहमति दी थी। इस संबंध में दिल्ली जाकर भी सीएम और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने अपना पक्ष रखा था। इसी बीच हाईकमान ने सोनिया को राजस्थान और मनु सिंघवी को हिमाचल से राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। वहीं देखा जाए तो हिमाचल से संबंध रखने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर, पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर और पूर्व मंत्री आशा कुमारी का भी नाम राज्यसभा सांसद के लिए चर्चा में चल रहा था।
भाजपा ने अभी नहीं उतारा प्रत्याशी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वर्तमान में हिमाचल से राज्यसभा सदस्य हैं। उनका राज्यसभा सांसद के तौर पर 6 साल का कार्यकाल 2 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। राज्यसभा की खाली हो रही इस सीट के लिए चुनाव 27 फरवरी को होना है। 15 फरवरी तक राज्यसभा चुनाव के लिए प्रदेश विधानसभा में नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। ऐसे में अब एक दिन शेष है, जबकि प्रदेश भाजपा की तरफ से अभी तक उम्मीदवार नहीं दिया गया। संभावना भी इसकी कम ही नजर आ रही है। ऐसे में यदि भाजपा उम्मीदवार घोषित नहीं करती है तो सिंघवी निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुने जाएंगे और उनका कार्यकाल 3 अप्रैल से शुरू होगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here