किन्नौर की 6 महिला बॉक्सिंग खिलाड़ी नैशनल के लिए चयनित

punjabkesari.in Tuesday, Jul 13, 2021 - 08:13 PM (IST)

रिकांगपिओ (रिपन): शिमला में आयोजित बॉक्सिंग की जूनियर महिला चैम्पियनशिप में जिला किन्नौर की 6 महिला खिलाड़ी नैशनल के लिए चयनित हुई हैं जबकि 2 महिला खिलाड़ी यूथ नैशनल के लिए भी चयनित हुई हैं। इन 8 महिला खिलाडिय़ों ने जिला किन्नौर का नाम रोशन किया है। ये 8 महिला खिलाड़ी जेएसडब्ल्यू द्वारा सीएसआर पहल के अंतर्गत चलाए जा रहे बॉक्सिंग कार्यक्रम शिखर की हैं। ये महिला खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय चयन में जीतकर अब नैशनल खेलेंगी। जेएसडब्ल्यू के सीएसआर प्रमुख विनोद पुरोहित ने बताया कि कोविड के बाद शिमला में पहली बार हुई इस चयन प्रतियोगिता में किन्नौर के शिखर की लड़कियों ने पहले ही दिन बाजी मारी है तथा ये महिला खिलाड़ी जेएसडब्ल्यू के बॉक्सिंग कार्यक्रम शिखर की चयनित हुई हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की कुल 8 लड़कियों में से 6 केवल किन्नौर से नैशनल के लिए चुना जाना शिखर कार्यक्रम और जिला के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि 6 में से 5 लड़कियां प्रिया, कशिश, स्नेहा, अंजलि और सपना सांगला की हैं, जबकि एक सुनिधि उरनी की है जबकि यूथ नैशनल के लिए भी शिखर सांगला की 2 लड़कियां रितु और स्नेहा चयनित हुई हैं, जो कि हमारे लिए गर्व की बात है।

उन्होंने यह भी बताया कि शिखर कार्यक्रम के तहत अब हम शीघ्र ही 2 हाई आल्टीच्यूड बॉक्सिंग अकादमी सांगला और निचार में शुरू करने वाले हैं, वहीं अंतर्राष्ट्रीय कोच जॉन वारबर्टन और अरुल वानन की सेवाएं भी ले रहे हैं। हम शिखर से एशियाड और ओलिम्पिक के पदक लेकर आएंगे। उन्होंने बताया कि जेएसडब्ल्यू बॉक्सिंग इन प्रतिभाओं के साथ ही इनके कोच ओपिंदर नेगी, दिव्य शक्ति, अशोक नेगी और अरुल वानन को बधाई देता है और साथ ही इन सभी 8 खिलाडिय़ों को शिखर फैलोशिप भी दी जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News