अब लोगों को मिलेगी सस्ती चीनी, पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Sunday, Jun 17, 2018 - 01:13 PM (IST)

धर्मशाला(जिनेश) : खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कहा कि अगले महीने से प्रदेश में उचित मूल्य की दुकानों में चीनी वर्तमान मूल्य से 5 रुपए प्रति किलो और सस्ती मिलेगी। उन्होंने धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के खनियारा एवं बड़ोल में आयोजित जनशिकायत निवारण शिविरों के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के केंद्र एवं अन्य राज्यों की सरकारी एजेंसियों से खाद्य उत्पाद खरीदने के फैसले के चलते हुई करोड़ों रुपए की बचत के कारण ही यह राहत भरा निर्णय लेना संभव हुआ है।

लोगों को गुणात्मक खाद्य उत्पाद उपलब्ध हों
राज्य सरकार केंद्र सरकार के राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ 'एन.सी.सी.एफ और हरियाणा सरकार की एजेंसी हैफेड से खाद्य पदार्थ खरीद रही है ताकि लोगों को गुणात्मक खाद्य उत्पाद उपलब्ध हों। सरकारी एजेंसियों से दालें व चीनी की खरीद से सरकार को 78 करोड़ की बचत हुई है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में सभी को पीने का स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने और पेयजल वितरण व्यवस्था के सुधार पर 16 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। इसके तहत सवा 14 रुपए करोड़ खर्च कर 3 उठाऊ पेयजल योजनाओं सालिग-जथेड़, खनियारा-दाड़ी-सिद्धबाड़ी और कनेड़-बलवाल का सुधारीकरण व स्तरोन्नयन किया जाएगा।

10 लाख रुपए देने की घोषणा 
उन्होंने कहा कि इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इसका कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। वहीं 1.70 करोड़ रुपए व्यय कर दाड़ी-बड़ोल पेयजल योजना का स्तरोन्नयन कार्य किया जाएगा। कपूर ने सौकणी दा कोट की सायर कुहल के सुधार कार्य के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने बड़ोल कुहल के सुधार के लिए भू-संरक्षण और सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से जल्द योजना बनाकर काम शुरू करने के निर्देश दिए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

kirti

Recommended News

Related News