Shimla: HPU में 4 वर्षीय बीएड इंटीग्रेटिड कोर्स के लिए आवेदन शुरू, 250 सीटों पर मिलेगा प्रवेश

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 01:02 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): बीएड के 4 वर्षीय इंटीग्रेटिड कोर्स यानी कि इंटीग्रेटिड टीचर्स एजुकेशन प्रोग्राम (आईटैप) में दाखिले के लिए नैशनल टैस्टिंग एजैंसी (एनटीए) ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार 10 मार्च तक 4 वर्षीय आईटैप कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस कोर्स में प्रवेश के लिए नैशनल कॉमन एंट्रैंस टैस्ट (एनसीईटी) 17 अप्रैल को संभावित है। यह कोर्स हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में भी चलेगा। इस कोर्स में प्रवेश एनसीईटी की मैरिट सूची के अनुसार मिलेगा।

एचपीयू में बीएड इंटीग्रेटिड कोर्स के 5 यूनिट्स स्वीकृत हुए हैं। स्वीकृत हुए यूनिट्स में बीए-बीएड सैकेंडरी (1 यूनिट), बीए-बीएड मिडल (1 यूनिट), बीएससी-बीएड सैकेंडरी (1 यूनिट), बीएससी-बीएड मिडल (1 यूनिट) और बीकॉम-बीएड सैकेंडरी (1 यूनिट) शामिल हैं। इसके अनुसार हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के नए निर्मित डिपार्टमैंट ऑफ टीचर्ज एजुकेशन में बीएड के 4 वर्षीय इंटीग्रेटिड कोर्स की 250 सीटों पर प्रवेश मिलेगा। यानी कि प्रत्येक यूनिट में 50-50 सीटें रखी गई हैं। इस कोर्स को शुरू करने को लेकर बीते वर्ष नैशनल काऊंसिल फॉर टीचिंग एजुकेशन (एनसीटीई) से मंजूरी मिल गई थी। अब एचपीयू ने इस कोर्स काे संचालित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एनटीए द्वारा आयोजित की जाने वाली यह प्रवेश परीक्षा कम्प्यूटर बेस्ड होगी और टैस्ट में ऑब्जैक्टिव टाइव मल्टीपल च्वायस प्रश्न पूछे जाएंगे। इस कोर्स में जमा-2 कक्षा के बाद उम्मीदवार प्रवेश ले सकते हैं। इसके अलावा आगामी मार्च माह मेें जमा-2 की परीक्षाएं देने वाले या फिर स्नातक की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी भी इस कोर्स में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा मेें बैठ सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के डिपार्टमैंट ऑफ टीचर्ज एजुकेशन के हैड प्रो. कुलदीप सिंह कटोच ने बताया कि इंटीग्रेटिड टीचर्ज एजुकेशन प्रोग्राम (आईटैप) में दाखिले के लिए एनटीए ने ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि इस प्रवेश परीक्षा की मैरिट के आधार पर उम्मीदवारों को प्रवेश मिलेगा। एचपीयू में भी यह कोर्स शुरू किया जा रहा है, ऐसे में प्रवेश लेने के लिए एनटीए द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रवेश परीक्षा देना जरूरी है।

प्रवेश परीक्षा में बैठने के लिए फीस स्ट्रक्चर जारी
बीएड के 4 वर्षीय इंटीग्रेटिड टीचर्ज एजुकेशन प्रोग्राम में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा में बैठने के लिए फीस स्ट्रक्चर जारी कर दिया गया है। इसके तहत सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 1200 रुपए फीस देनी होगी, जबकि ओबीसी, एनसीएल व ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1000 रुपए और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी/ पीडब्ल्यूबीडी/थर्ड जैंडर वर्ग के उम्मीदवारों को 650 रुपए फीस देनी होगी।

प्रवेश परीक्षा के लिए हिमाचल प्रदेश में 5 केंद्र स्थापित
नैशनल टैस्टिंग एजैंसी (एनटीए) द्वारा बीएड के 4 वर्षीय इंटीग्रेटिड टीचर्ज एजुकेशन प्रोग्राम में दाखिले के लिए आयोजित की जाने वाली प्रवेश परीक्षा के दृष्टिगत हिमाचल प्रदेश में 5 केंद्र स्थापित किए गए हैं। ये परीक्षा केंद्र हमीरपुर, शिमला, ऊना, कांगड़ा व बद्दी में बनाए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News