हिमाचल में पंजाब नंबर की कार से चिट्टे की खेप बरामद, युवती समेत 4 तस्कर गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 03:30 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस चौकी ग्वालथाई की टीम ने एक कार से 18.32 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक 23 वर्षीय युवती सहित पंजाब के 4 लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
डैशबोर्ड में पीले कपड़े के अंदर छिपाया था चिट्टा
जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी ग्वालथाई की टीम ने गत दिवस अपने अधिकार क्षेत्र में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान वहां से गुजरने वाले हर संदिग्ध वाहन की गहनता से जांच की जा रही थी। तभी पंजाब नंबर की एक कार (PB 11AP-1791) वहां पहुंची। पुलिस ने शक के आधार पर जब वाहन को चैकिंग के लिए रोका और तलाशी ली, तो कार के डैशबोर्ड के अंदर एक पीले रंग का कपड़ा मिला। जब इस कपड़े को खोला गया तो उसके अंदर एक पारदर्शी पॉलिथीन में 18.32 ग्राम चिट्टा छिपाकर रखा गया था।
पटियाला से जुड़ा है तस्करों का तार
चिट्टा बरामद होते ही पुलिस ने कार में सवार चारों लोगों को तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि ये सभी आरोपी पंजाब के पटियाला के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार (27) निवासी शहीद भगत सिंह कालोनी, अमिर खान (23) निवासी ओल्ड विशन नगर, अनमोल (19) निवासी शहीद भगत सिंह कॉलोनी और एक युवती प्रीति कुमारी (23) निवासी न्यू सुखराम कालोनी, पटियाला के रूप में हुई है।
बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ थाना कोट कहलूर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह चिट्टा पंजाब से हिमाचल में किसे सप्लाई किया जाना था और इसकी मुख्य खेप कहां से लाई गई थी। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि जिला में नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

