Bilaspur News: शिमला के तस्कर से पकड़ी चरस की खेप, चिट्टे के साथ बाइक और जीप चालक गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 02:55 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान चरस और चिट्टा बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान के दिशा-निर्देशों के बाद एक्टिव हुई पुलिस टीम ने इन आरोपियों को दबोचकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं।
पहला मामला थाना बरमाणा के अंतर्गत सामने आया है, जहां पुलिस टीम अलसु पुल के पास वाशिंग स्टेशन के समीप नियमित गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान वहां बैग लेकर खड़े एक व्यक्ति की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं और वह घबराने लगा। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने नियमानुसार उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 818.87 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत चरस को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान भारत भूषण (46) निवासी एमसी बारह घर लाइन, समरहिल (शिमला) के रूप में हुई है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
दूसरा मामला पुलिस थाना झंडूता के तहत मुकाम छत में दर्ज किया गया है। यहां गश्त के दौरान पुलिस टीम ने एक बाइक (HP 31D-7808) को चैकिंग के लिए रोका। जब बाइक चालक की शक के आधार पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 0.2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सनी ठाकुर (19) निवासी बैहना (सुंदरनगर, जिला मंडी) के रूप में हुई है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीसरी सफलता भी बरमाणा पुलिस के हाथ लगी, जब टीम ने गश्त और यातायात चैकिंग के दौरान एक जीप (HP 24C-8818) को निरीक्षण के लिए रोका। जीप की सघन तलाशी के दौरान उसके चालक के कब्जे से 0.28 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी चालक की पहचान अरुण कुमार (33) निवासी स्योहला (डाकघर जुखाला, तहसील सदर, जिला बिलासपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
तीनों मामलों की पुष्टि करते हुए एसपी अभिषेक धीमान ने कहा कि बिलासपुर जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के काले कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पकड़े गए आरोपियों से बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाकर मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

