चम्बा में संरक्षित वन्य जीव मॉनीटर लिजर्ड की 4 हथाजोड़ी बरामद, 2 लोग गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, May 14, 2024 - 11:52 AM (IST)

चम्बा (काकू): वन विभाग की टीम ने चम्बा-खजियार मार्ग पर गेट के पास नाकाबंदी के दौरान संरक्षित वन्य जीव मॉनीटर लिजर्ड (छिपकली) की 4 हथाजोड़ी बरामद की हैं। इसके अलावा कस्तूरी मृग के शरीर के कुछ भाग भी मिले हैं। इस मामले में बाहरी राज्य के 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकद्दमा दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गेट के पास नाका लगा रखा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाहरी राज्यों के 2 लोगों को शक के आधार पर पूछताछ के लिए रोका गया। पूछताछ के दौरान वे घबरा गए। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए टीम ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से मॉनीटर लिजर्ड के 4 हथाजोड़ी बरामद हुए। इसे स्थानीय भाषा में घऊ भी कहा जाता है। यह छिपकली की बड़ी प्रजाति है। मान्यता है कि इसे घर में रखने से धन-दौलत आती है और सुख-समृद्धि होती है।
डीएफओ चम्बा कृतज्ञ कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मॉनीटर लिजर्ड संरक्षित वन्य प्राणी की श्रेणी में आता है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपियों के फोन में जंगली सूअर के मीट व दांत व अन्य जीवों के फोटाे भी मिले हैं। इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। अब तक की जांच में सामने आया है कि ये लोग खजियार में औषधि बेचते हैं और बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को टारगेट करते हैं। इस मामले में एक बहुत बड़ा गिरोह हो सकता है। इसकी जांच चल रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here