Bilaspur: पुलिस ने गुप्त सूचना पर रोकी गाड़ी...तलाशी में मिली 4 किलो चरस, कुल्लू के 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 05:11 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): जिला बिलासपुर के अंतर्गत नम्होल क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोलेराे गाड़ी से 4 किलो चरस बरामद की है। मामले में कुल्लू जिला के 2 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। यह गाड़ी कुल्लू से शिमला की ओर जा रही थी।

जानकारी के अनुसार गत दिवस पुलिस चौकी नम्होल के प्रभारी उपनिरीक्षक हरीश कुमार अपनी टीम के साथ ब्रह्मपुखर क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर नम्होल में एक संदिग्ध बोलेरो गाड़ी (एचपी 92ए-2192) को जांच के लिए रोका गया। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार 2 व्यक्तियों के कब्जे से कुल 4 किलो चरस बरामद की गई। आरोपियों की पहचान धनी राम (52) निवासी जलैहर डाकघर सराहन तहसील निरमंड जिला कुल्लू तथा मदन लाल (32) निवासी रूबा डाकघर आनी तहसील आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के विरुद्ध थाना बरमाणा में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस चौकी नम्होल के प्रभारी उपनिरीक्षक हरीश कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद की गई चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि नशा कारोबारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News