रोहतांग दर्रे में 4 इंच हिमपात, सैलानियों के लिए बंद हुआ लाहौल

punjabkesari.in Thursday, Dec 02, 2021 - 07:18 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): सैलानियों के पसंदीदा पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में 4 इंच ताजा हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रे सहित पर्यटन स्थल राहनीनाला, ग्राम्फु, कोकसर, मढ़ी, धुंधी, सिस्सु व फातरु, अंजनी महादेव व गुलाबा में भी बर्फ की परत बिछ गई है। लाहौल-स्पीति व मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वीरवार सुबह से बर्फबारी शुरू हो गई जो रुक-रुक कर शाम तक चलती रही। बर्फबारी के कारण वीरवार को लाहौल सैलानियों के लिए बंद रहा।

 स्पीति में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

स्पीति में दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र टशीगंग सहित किब्बर, लंगचा, कोमिक, लोसर, क्योटो, हल व रंगरिक में बर्फबारी हो रही है। इससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और लोग घरों में कैद हो गए हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के करवट बदलते ही पर्यटन नगरी मनाली में भी बर्फबारी की उम्मीद बढ़ गई है। अक्तूबर के बाद मनाली की वादियां बर्फ के फाहों का इंतजार कर रही हैं।

पर्यटकों ने अंजनी महादेव और फातरु में उठाया बर्फ के फाहों का लुत्फ

मनाली प्रशासन ने सैलानियों को सोलंगनाला तक जाने की अनुमति दी। अंजनी महादेव और फातरु में भी बर्फ के फाहे गिरे जिनका पर्यटकों ने लुत्फ उठाया। मनाली की ऊंची चोटियों मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, हनुमान टिब्बा, देउ टिब्बा, व्यास कुंड, दशौहर, भुगू झील, हामटा पास और शिरघन तुंग पर हल्का हिमपात हुआ है।

लाहौल में पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर

मनाली प्रशासन ने रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए पहले ही बंद कर दिया है जबकि लाहौल में भी पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर हो गई है। डीसी लाहौल-स्पीति नीरज कुमार ने कहा कि जिले में बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है। मौसम के तेवर ऐसे ही रहे तो घाटी पर्यटकों के लिए बंद कर दी जाएगी। अब लाहौल में पर्यटकों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News