हिमाचल के 4 हॉकी खिलाड़ी अब करेंगे देश की रक्षा, भारतीय सेना की पंजाब रैजीमैंट में हुआ चयन

punjabkesari.in Friday, Dec 12, 2025 - 01:28 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): खेल के मैदान में पसीना बहाने वाले हिमाचल प्रदेश के युवा अब देश की सरहदों की रक्षा के लिए तैयार हैं। ऊना स्थित खेल छात्रावास के 4 होनहार हॉकी खिलाड़ी अपने शानदार खेल कौशल के दम पर भारतीय सेना में शामिल हाे गए हैं। इन चारों युवाओं का चयन स्पोर्ट्स कोटे के तहत भारतीय सेना की प्रतिष्ठित पंजाब रैजीमैंट में हुआ है। इन सभी खिलाड़ियाें ने आज रांची में अपनी ज्वाइनिंग दे दी है।

हॉकी कोच आशीष सेन ने जानकारी देते हुए बताया कि चयनित खिलाड़ियों में दलजीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह (जिला ऊना), तनिश कुमार पुत्र रमन कुमार (गोंदपुर बनेहड़ा, ऊना), धीरज कुमार पुत्र पवन कुमार (नालागढ़, जिला सोलन) और अभिषेक वर्मा पुत्र मुन्नी लाल (सुंदरनगर, जिला मंडी) शामिल हैं।

वर्ष 2021 में ऊना खेल छात्रावास के लिए चयनित हुए इन खिलाड़ियों ने पिछले कुछ वर्षों में सब-जूनियर, जूनियर, स्कूल नेशनल और अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में हिमाचल का सफल प्रतिनिधित्व किया है। हाल ही में संपन्न हुई अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिता में इन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जिसके परिणामस्वरूप अब भारतीय सेना ने उन्हें अपनाया है।

इन युवाओं की सफलता के पीछे उनके कोच आशीष सेन का कठोर अनुशासन और कुशल मार्गदर्शन है। मूल रूप से मंडी निवासी आशीष सेन वर्ष 2016 से ऊना में हॉकी प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अब तक कई खिलाड़ी न केवल सेना, बल्कि पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में भी नौकरियां प्राप्त कर चुके हैं।

कोच आशीष सेन ने बताया कि यह क्षण उनके, खिलाड़ियों के माता-पिता और पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं ने साबित किया है कि खेल सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि चरित्र और करियर निर्माण का सशक्त माध्यम है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और सही मंच व मार्गदर्शन मिलने पर यहाँ के युवा हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन करने में सक्षम हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News