Solan News: 360 अग्निवीर बने भारतीय सेना का हिस्सा, ऐतिहासिक सलारिया स्टेडियम में 8वें बैच ने ली देश रक्षा की शपथ
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 06:54 PM (IST)
सुबाथू/सोलन (निखिल): हिमाचल प्रदेश के सुबाथू छावनी स्थित 14 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र का ऐतिहासिक सलारिया स्टेडियम शनिवार को देशभक्ति के नारों और फौजी जज्बे से गूंज उठा। 24 हफ्ते की कड़ी तपस्या और पसीना बहाने के बाद 8वें बैच के 360 अग्निवीर जवान देश की रक्षा की कसम खाकर आधिकारिक तौर पर भारतीय सेना का अभिन्न हिस्सा बन गए हैं।
इस भव्य कसम परेड समारोह का आगाज पूरे सैन्य सम्मान के साथ हुआ। जवानों के शानदार मार्च पास्ट और तालमेल ने वहां मौजूद सभी का मन मोह लिया। सेना में शामिल हुए इन नए जांबाजों ने स्टेशन कमांडिंग अधिकारी, ब्रिगेडियर पुनीत शर्मा को भव्य सलामी दी। इसके बाद सेना केंद्र के धर्म गुरु ने सभी 360 जवानों को राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता की कसम दिलवाई। अब ये अग्निवीर जवान भारतीय सेना की उस प्रतिष्ठित 1/4 गोरखा राइफल्स का हिस्सा बनेंगे, जो दुनिया भर में अपने अदम्य साहस और शौर्य के लिए जानी जाती है।

स्टेशन कमांडिंग अधिकारी ब्रिगेडियर पुनीत शर्मा ने परेड की समीक्षा की और सेना का हिस्सा बने युवाओं का हौसला बढ़ाया। जवानों को बधाई देते हुए ब्रिगेडियर शर्मा ने कहा कि वे भारतीय सेना की सर्वोत्तम और गौरवशाली परंपराओं को हमेशा बनाए रखें। उन्होंने राष्ट्र सेवा का आह्वान करते हुए कहा कि पिछले 24 सप्ताह के कठिन सैन्य प्रशिक्षण ने आपको शारीरिक और मानसिक रूप से फौलाद बना दिया है। जब आप मोर्चे पर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, तो यही ट्रेनिंग आपको हर बड़ी से बड़ी चुनौती को मात देने में मददगार साबित होगी।

परेड के समापन के अवसर पर सेना के पाइप बैंड ने ऐसी मधुर और जोश भरने वाली धुनें बजाईं कि समारोह की भव्यता में चार चांद लग गए। बैंड की धुनों पर कदमताल करते जवानों को देखकर वहां मौजूद हर शख्स का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। इस गौरवशाली पल का गवाह बनने के लिए स्टेडियम में लगभग 300 अतिथि मौजूद रहे। इनमें सेवारत सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिक और पासिंग आऊट कोर्स के जवानों के परिजन शामिल थे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

