Solan: नालागढ़ में मिली ग्रेनेडनुमा वस्तु, जांच के लिए आर्मी की टीम बुलाई
punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 10:54 PM (IST)
बीबीएन (शेर सिंह): पुलिस थाना नालागढ़ के अंतर्गत माजरा-दियोली में लड़ाई-झगड़े के एक मामले में जांच के दौरान पुलिस टीम को एक ग्रेनेडनुमा वस्तु बरामद होने के मामले में पुलिस द्वारा शिकायतकर्त्ता की शिकायत पर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) तथा एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट 1908 की धारा 4 के अंतर्गत मामला पंजीकृत करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिगत क्षेत्र को सील कर दिया है। पुलिस ने लड़ाई-झगड़े के मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस एफ.आई.आर. भी दर्ज की है। पुलिस द्वारा आम जनता की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए तथा आसपास के क्षेत्र को खाली करवाकर संबंधित स्थान को सुरक्षित एवं सील किया गया है। पुलिस ने कुछ घरों को भी सुरक्षा की दृष्टि से खाली करवा दिया है।
पुलिस ने 2 लोगों को हिरासत में भी लिया है। जानकारी के अनुसार जांच के दौरान घटनास्थल से पिननुमा चीज भी बरामद हुई है और इस मामले में पुलिस के साथ-साथ आई.बी., सीआईडी की टीमें भी जांच में जुटी हैं और पुलिस अन्य केंद्रीय एजैंसियों से भी सम्पर्क करके जांच को आगे बढ़ा रही है। जानकारी के अनुसार ग्रेनेडनुमा वस्तु की जांच के लिए आर्मी की टीम भी बुलाई गई है और बुधवार को यह टीम आकर जांच व कार्रवाई करेगी। लड़ाई-झगड़े के मामले में एक व्यक्ति को चोटें भी लगी हैं। उक्त दोनों गुटों में किसी बात को लेकर पहले भी विवाद हुआ है और अब दूसरी बार यह लड़ाई-झगड़ा हुआ है।
जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा बम्ब निरोधक दस्ते के सहयोग से आरोपी के घर, उसके आसपास के क्षेत्र की गहनता से तलाशी अमल में लाई गई। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को आरोपी के घर व घर के आसपास के क्षेत्र से अन्य कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। मामले में बद्दी पुलिस द्वारा सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। इस संबंध में पुलिस द्वारा आरोपी व उसके परिवार वालों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा बरामद वस्तु की प्रकृति एवं मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने ग्रेनेडनुमा वस्तु बरामद होने के मामले में शिकायतकर्त्ता की शिकायत पर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) तथा एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट 1908 की धारा 4 के अंतर्गत मामला पंजीकृत करके कार्रवाई शुरू कर दी है । पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिगत क्षेत्र को सील कर दिया है। मामले में बरामद संदिग्ध वस्तु सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन एवं निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस टीम द्वारा बम्ब निरोधक दस्ते के सहयोग से आरोपी के घर उसके आसपास के क्षेत्र की गहनता से तलाशी अमल में लाई गई।

