हिमाचल में 32 वर्षीय युवती से हैवानियत, नशा मुक्ति केंद्र से होटल ले जाकर पिलाई शराब...फिर किया दुष्कर्म
punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 12:32 PM (IST)
Kullu News : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां भुंतर क्षेत्र के एक नशा मुक्ति केंद्र से एक व्यक्ति लड़की को अपने साथ ले गया। आरोपी लड़की को सीधा होटल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर लड़की को बिलासपुर में उसके क्वार्टर में छोड़ा। बिलासपुर महिला थाना में हुई जीरो एफआईआर को आगामी कार्रवाई के लिए कुल्लू पुलिस को भेजा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जबरदस्ती बनाए संबंध
पुलिस के अनुसार, महिला थाना कुल्लू के अंतर्गत बी. एन. एस. की धारा 64, 305(ए) के तहत केस दर्ज किया गया है। यह केस महिला पुलिस थाना बिलासपुर से मिली जीरो एफ.आई.आर. के आधार पर दर्ज हुआ है, जो 32 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर आधारित है। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि 10 अगस्त को नरेश उन्हें जिला कुल्लू के भुंतर स्थित नशा मुक्ति केंद्र से एक होटल में ले गया जहां उसने उसे शराब पिलाई व जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी उसे बिलासपुर जिले में उसके क्वार्टर पर छोड़ गया।
लड़की के किराए के कमरे से 9 लाख रुपए भी गायब
पीड़िता के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि उसके क्वार्टर से 9,00,000 रुपए गायब थे। उसने जब पैसों के बारे में नरेश से संपर्क किया तो उसने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। एस. पी. अभिषेक सेकर ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।

