ना OTP...ना कॉल, UPI के जरिए खाते से उड़ाए 3 लाख रुपए, शख्स को भनक तक नहीं लगी; स्टेटमेंट देखा तो उड़े होश
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 12:05 PM (IST)
Shimla News: हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खातों में बड़ी सेंध लगाई है। अज्ञात शातिरों ने यूपीआई (UPI) ट्रांजेक्शन का सहारा लेकर पीड़ित के खाते से तीन लाख से ज्यादा की राशि उड़ा ली। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित को इस धोखाधड़ी की भनक तक नहीं लगी और उसे तब पता चला जब उसने बैंक स्टेटमेंट की जांच की।
15 दिनों तक चलता रहा 'डिजिटल डाका'
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, धोखाधड़ी का यह सिलसिला 24 जनवरी से 7 फरवरी के बीच चला। पीड़ित के एचडीएफसी बैंक (रोहड़ू) और स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक (देवली-टिक्कर) में खाते हैं। ठगों ने एक साथ बड़ी रकम निकालने के बजाय छोटी-छोटी किस्तों में कई बार लेनदेन किया, ताकि पीड़ित को तत्काल शक न हो। जब पीड़ित ने अपने खाते का विवरण चेक किया, तो कई अनजान ट्रांजेक्शन देखकर उसके होश उड़ गए। बैंक से शुरुआती जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने रोहड़ू पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है।
जांच के घेरे में संदिग्ध बैंक खाते
शिकायत मिलने के बाद रोहड़ू पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अब उन खातों का रिकॉर्ड खंगाल रही है, जिनमें यह पैसा ट्रांसफर किया गया है। साइबर सेल की मदद से उन डिजिटल पदचिह्नों (Digital Footprints) को ट्रैक किया जा रहा है, जिनका इस्तेमाल इस चोरी के लिए हुआ है।
सावधानी ही बचाव है: पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी (OTP), यूपीआई पिन या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक या अनजान कॉल पर भरोसा करना आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।

