''बर्फबारी की मार'': 4 दिनों में बिजली बोर्ड को शिमला में ही हुआ इतने लाख का नुक्सान
punjabkesari.in Friday, Jan 30, 2026 - 11:38 AM (IST)
शिमला, (राजेश): बर्फबारी के 4 दिनों में ही शिमला शहर को 41 लाख 72 हजार रुपए का नुक्सान हुआ है। यह नुक्सान बिजली बोर्ड को 23 से 26 जनवरी के दौरान शिमला शहर में हुई भारी बर्फबारी से हुआ। शिमला सिटी डिवीजन ने इसकी रिपोर्ट बोर्ड मुख्यालय को भेज दी है। बर्फबारी के कारण बिजली बोर्ड को पोल, ट्रांसफार्मर, एच.टी. लाइन, एल.टी. लाइन पर पेड़ गिरने से भारी नुक्सान दर्ज किया गया है। बर्फबारी से लगभग सभी विद्युत स्टेशन में नुक्सान हुआ है। बर्फबारी से शहर में 20 ट्रांसफार्मर को नुक्सान हुआ है, जिन्हें अस्थायी रूप से ठीक कर दिया गया है।
वहीं 17 बिजली के पोल गिरे हैं। इसके अतिरिक्त एच.टी. और एल.टी. तारें भी टूटी हैं। इसके अतिरिक्त भी बिजली बोर्ड के उपकरणों को बर्फबारी से नुक्सान हुआ है। मौजूदा समय में शिमला शहर में तकनीकी कर्मचारियों ने दिन-रात सेवाएं देते हुए बिजली आपूर्ति पूर्ण रूप से बहाल कर दी है। वहीं जिन स्थानों पर अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बहाल की गई है, वहां बोर्ड के कर्मचारी स्थायी रूप से नई तारों को बदल रहे हैं।
एक्सियन सिटी तनुज गुप्ता ने कहा कि शिमला शहर में अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं शिमला शहर के संजौली, ईदगाह, रिज, छोटा शिमला व बालूगंज विद्युत स्टेशन में हुए नुक्सान का आकलन कर रिपोर्ट बोर्ड मुख्यालय भेजी गई है। शहर में बिजली आपूर्ति बनी रहे, इसके लिए बोर्ड हमेशा तैयार है।

