Himachal: मंडी में 3 अलग-अलग हादसों में बुझ गए 3 घरों के चिराग, 3 लोग हुए घायल
punjabkesari.in Sunday, Apr 26, 2026 - 11:29 PM (IST)
पंडोह/गोहर (देशराज/ख्यालीराम ): जिला मंडी के लिए रविवार का दिन बेहद अमंगलकारी रहा। जिले में एक ही दिन में तीन अलग-अलग हादसों ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने हादसों की पुष्टि की है और पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है।
पंडोह में बारात से लौट रही कार खाई में गिरी कार, युवक की मौत
पहला हादसा पंडोह क्षेत्र में हुआ, जहां शादी से वापस लौटते समय एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार सुराही खड्ड गांव के अंकुश गुप्ता (32) और जतिन गुप्ता (34) अपने चचेरे भाई की बारात से लौट रहे थे। रास्ते में हटौण गांव की संती देवी (51) और सेती देवी (43) ने भी उनसे लिफ्ट ली। कैंची मोड़ के पास वाहन चालक का नियंत्रण खो गया और कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि अंकुश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जतिन गुप्ता और दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तुरंत जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया।
गोहर में कार खाई में समाई, समारोह में जा रहे युवक की मौत
दूसरे हादसे में, गोहर पुलिस थाना के अंतर्गत मान्ढू नाला के पास एक कार दुर्घटना में 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक जगदीश कुमार (29) निवासी पावो किलिंग, अपनी आल्टो कार में अकेले ही विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। चैलचौक-करसोग मार्ग पर मान्ढू नाला के समीप कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क काफी संकरी और खतरनाक है, जहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
हाईड्रा क्रेन से गिरकर जम्मू-कश्मीर के युवक की मौत
तीसरे हादसे में रिवालसर-मंडी सड़क मार्ग स्थित साफडू गांव के पास एक 19 वर्षीय मजदूर की जान चली गई। मृतक अल्ताफ (19) जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर का रहने वाला था। साफडू गांव में टू-लेन सड़क निर्माण कार्य चल रहा था, जहाँ अल्ताफ हाईड्रा क्रेन की बास्केट में खड़ा होकर काम कर रहा था। इस दौरान वह अचानक नीचे सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि हादसा हाईड्रा चालक की लापरवाही के कारण हुआ। अल्ताफ को पहले रिवालसर अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी मंडी बोले-हादसों के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने तीनों मामलों की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस द्वारा सभी दुर्घटनाओं के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। जहां आवश्यक है, वहां लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

