Bilaspur: पुलिस ने गुप्त सूचना पर मारा छापा...शराब के अवैध कारोबार का पर्दाफाश, टीन के शैड में छिपाईं 24 पेटियां बरामद
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 03:46 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर जिले की थाना सदर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस की टीम ने बरोग क्षेत्र में स्थित एक टीननुमा ढारे (शैड) में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब, देसी शराब और बीयर बरामद करने में सफलता हासिल की है। क्षेत्र में इसे पुलिस की एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार बीती रात थाना सदर पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी। मुखबिर ने बताया था कि बरोग के पास एक ढारे में छिपकर अवैध रूप से शराब बेचने का धंधा जोरों पर चल रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि यदि तुरंत दबिश दी जाए, तो भारी मात्रा में शराब पकड़ी जा सकती है। इसी सूचना को पुख्ता मानते हुए थाना सदर की टीम ने बिना देरी किए उक्त स्थान पर छापेमारी की।
लाइसैंस नहीं दिखा पाया आरोपी, मामला दर्ज
पुलिस टीम ने जब ढारे की तलाशी ली, तो वहां से कुल 24 पेटी शराब बरामद हुई। इसमें 18 पेटी देसी शराब, 5 पेटी अंग्रेजी शराब और 1 पेटी बीयर शामिल थी। मौके पर मौजूद व्यक्ति से जब पुलिस ने इतनी बड़ी मात्रा में शराब रखने का परमिट या दस्तावेज मांगा, तो वह कोई भी कागज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रविंद्र कुमार (निवासी गांव चमलोग, डाकघर देवली, तहसील सदर) को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया है।
अवैध कारोबार करने वालों पर जारी रहेगी सख्ती : एसपी
बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ने कहा कि अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

