बिलासपुर में कार से चरस की खेप बरामद, सोलन के 2 युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 07:47 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। नम्होल पुलिस चौकी की टीम ने एनएच-205 पर दयोथ चौक (ब्रह्मपुखर) के समीप सघन नाकाबंदी के दौरान एक कार से 510 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने सोलन जिले के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, नम्होल चौकी पुलिस की टीम दयोथ चौक के पास वाहनों की रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार (HP 11A-6201) वहां पहुंची। पुलिस ने शक के आधार पर जब कार को जांच के लिए रोका और तलाशी ली, तो उसमें से 510 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान अभिषेक कुमार (24) और नितिन (26) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव गडयाच (चोरटू), डाकघर कुंहर, तहसील अर्की व जिला सोलन के निवासी हैं।

मामले की पुष्टि करते हुए बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ बरमाणा पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News