Sirmaur News: नाहन में 11.85 ग्राम चिट्टे के साथ कार सवार 2 युवक गिरफ्तार, 3 दिन के रिमांड पर भेजे

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 08:13 PM (IST)

नाहन (आशु): सिरमौर जिले में नशे के काले कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में नाहन पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.85 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी कार में सवार होकर इस नशे की खेप को नाहन ला रहे थे।

जानकारी के अनुसार पुलिस के डिटेक्शन सैल को गुप्त सूत्रों से एक पुख्ता सूचना मिली थी कि नाहन के रहने वाले दो युवक एक कार में सवार होकर कालाअंब की तरफ से नाहन की ओर आ रहे हैं और उनके पास चिट्टे की खेप मौजूद है। इस सूचना के मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए रास्ते में एक जगह नाकाबंदी कर दी और वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर में एक संदिग्ध कार वहां पहुंची। पुलिस ने टीम ने कार को रुकवाया और उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के अंदर से 11.85 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही कार चालक और उसमें सवार दूसरे युवक को हिरासत में ले लिया।

आरोपियों की पहचान कार चालक रमन लाल (32) निवासी गांव व डाकघर सुरला, तहसील नाहन और कार सवार विलक्षण सिंह (23) निवासी यशवंत विहार कॉलोनी, नाहन के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करेगी कि वे यह चिट्टा कहां से खरीद कर लाए थे और इसे आगे नाहन में किसे बेचा जाना था।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News