Himachal: होटल के कमरे से चिट्टे की बड़ी खेप बरामद, हरियाणा और चंडीगढ़ के 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 01:17 PM (IST)

कुल्लू (संजीव): हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस ने नशे के सौदागरों पर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। मनाली पुलिस की टीम ने देर रात गश्त के दौरान एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक निजी होटल से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से भारी मात्रा में चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया गया है।

जानकारी के मुताबिक बीती रात करीब 10:50 बजे एएसआई देवेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ आईबैक्स चौक पर गश्त पर थे। तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि गोम्पा रोड स्थित एक होटल के कमरा नंबर- 202 में ठहरे 2 युवक नशे का अवैध कारोबार कर रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए स्वतंत्र गवाहों को साथ लिया और होटल में दबिश दी।

कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस ने डबल बैड के तकिये के नीचे से एक खाकी रंग का बैग बरामद किया। बैग की जांच करने पर उसमें एक बीड़ी का बंडल, लाइटर, एक पर्स  (जिसमें 1100 रुपए नकद व एटीएम कार्ड) और एक पारदर्शी लिफाफा मिला। इस लिफाफे में 91.290 ग्राम चिट्टा पाया गया। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान विजय कुमार (31) निवासी फतेहाबाद, हरियाणा और संजीव वैद्य (24) निवासी सैक्टर 25-डी, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मनाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसआई देवेंद्र कुमार मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और मनाली में किसे सप्लाई की जानी थी।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News