नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 212 ग्राम चरस के साथ महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार; पालमपुर से जुड़े हैं तार
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 02:27 PM (IST)
Kangra News: जिला पुलिस नूरपुर ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए एक महत्वपूर्ण कामयाबी हासिल की है। पुलिस की एक विशेष टीम ने ढसोली इलाके में जाल बिछाकर चरस की तस्करी कर रहे दो लोगों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में पालमपुर की एक महिला भी शामिल है, जिससे यह साफ हो गया है कि नशे के इस काले कारोबार में अब महिलाएं भी सक्रिय तौर पर संलिप्त हैं।
212 ग्राम चरस बरामद
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पालमपुर निवासी राशि नामक महिला चरस की खेप लेकर ढसोली आ रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में कड़ी निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही उक्त महिला ने स्थानीय निवासी रमन कुमार को चरस का पैकेट सौंपा, पहले से तैयार पुलिस टीम ने मौके पर ही दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 212 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत नशीला पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा- ASP
एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसका मुख्य सप्लायर कौन है। साथ ही आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। एएसपी ने स्पष्ट किया कि जिला में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

