Kangra: नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, मनाली से पठानकोट जा रही बस में चरस के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 01:08 PM (IST)

कांगड़ा/बैजनाथ (सुरिंद्र): हिमाचल प्रदेश में पुलिस की सख्ती से बचने के लिए नशा तस्कर अब पब्लिक ट्रांसपोर्ट का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी उनके इन नापाक मंसूबों को लगातार नाकाम कर रही है। ताजा मामला कांगड़ा जिले से सामने आया है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बस में सवार दो युवकों को 281 ग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बस में सवार दो युवक भारी मात्रा में चरस लेकर जा रहे हैं और इसे आगे सप्लाई करने की फिराक में हैं। यह बस मनाली से चम्बा होते हुए पठानकोट की ओर जा रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और रास्ते में कड़ी नाकाबंदी कर दी। जब उक्त बस नाके पर पहुंची, तो पुलिस ने उसे रुकवाया और शक के आधार पर बस की जांच की गई। इस दौरान बस में बैठे दो संदिग्ध युवकों के कब्जे से 281 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बिना कोई देरी किए दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मनोज कुमार (35) और सुशील कुमार (37) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कांगड़ा जिले के बैजनाथ इलाके के ही रहने वाले हैं।

इस पूरे मामले में बैजनाथ पुलिस थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे जुड़े पूरे नैटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। आरोपियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे यह चरस कहां से खरीद कर लाए थे और इसकी डिलीवरी किस जगह और किसे की जानी थी। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए गश्त और नाकाबंदी लगातार जारी रहेगी और तस्करों के खिलाफ आगे भी ऐसे कड़े अभियान चलाए जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News